दिल्ली-एनसीआर उगल रहा आग, गर्मी से दिन-रात तप रहे दिल्लीवाले, IMD ने मौसम पर जारी किया येलो अलर्ट

होमताजा खबरDelhi

दिल्ली-NCR उगल रहा आग, गर्मी से दिन-रात तप रहे दिल्लीवाले, IMD का आया अलर्ट

Last Updated:

Aaj Ka Mausam- दिल्ली एनसीआर और उत्तर भारत में भीषण गर्मी की चपेट में है. तापमान 46 डिग्री के पार रहने की संभावना है. IMD ने हीटवेव पर येलो अलर्ट जारी किया है. मौमस विभाग ने दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है.

वीकेंड में राहत मिलने की नहीं है उम्‍मीद.

नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. मई में गर्मी इस बार रिकॉर्ड तोड़ रही है. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है. गुरुवार, शुक्रवार और समेत पूरे वीकेंड लोगों को भीषण गर्मी और तेज लू का सामना करना पड़ेगा. इस वजह से येलाे अलर्ट जारी किया है.

आईएमडी के अनुसार गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिनभर गर्म हवाओं के थपेड़े चलेंगे. शुक्रवार को भी राहत मिलने की संभावना नहीं है और तापमान लगातार ऊंचा बना रहेगा. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों तक हीटवेव का असर जारी रहेगा.

‘वार्म’ नाइट की चेतावनी

गर्मी का असर दिन के साथ-साथ रात में भी दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी दी है, यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा. उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को देर रात तक राहत नहीं मिल रही है.

तापमान सामान्‍य से 4 डिग्री ऊपर

राजधानी के कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री के करीब पहुंच रहा है. दिल्ली के रिज इलाके में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मुंगेशपुर में 46.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है. दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़ों और चिलचिलाती धूप ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया. संभावना है कि इस पूरे सप्‍ताह ऐसे ही मौमस बना रहेगा.

वीकेंड में भी राहत नहीं

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में गर्मी और बढ़ सकती है. वीकेंड के दौरान भी आसमान साफ रहने का अनुमान है, जिससे धूप और ज्यादा तीखी महसूस होगी.

बिजली की मांग भी बढ़ी

भीषण गर्मी का असर बिजली खपत पर भी पड़ा है. दिल्ली में बिजली की मांग 7776 मेगावॉट तक पहुंच गई है, जबकि देशभर में बिजली की मांग 265 गीगावॉट के पार चली गई. मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिन इस सीजन के सबसे गर्म दिन साबित हो सकते हैं.

About the Author

Sharad Pandeyविशेष संवाददाता

करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्‍यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *