Last Updated:
Delhi Car Chemical Leak: दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में जसोला मेट्रो स्टेशन के पास चलती वैगनआर कार में तेजाब की बोतल प्रेशर के कारण अचानक फट गई. बोतल फटने से पूरी गाड़ी में जहरीली गैस फैल गई, जिससे कार सवार दिल्ली सरकार के लैब टेक्नीशियन अनिल और उनकी किराएदार ज्योत्सना बेहोश हो गए. पुलिस ने दोनों को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां अनिल 18% झुलसे हैं और महिला वेंटिलेटर पर है. कार में आग नहीं लगी थी.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. (Representational Picture)
सर, जल्दी आइए, गाड़ी में बहुत खतरनाक केमिकल लीक हो गया है, एक महिला और पुरुष कार के अंदर ही बेहोश पड़े हैं. शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे जब दिल्ली पुलिस के सरिता विहार थाने में यह पीसीआर कॉल गूंजी तो महकमे में हड़कंप मच गया. जसोला मेट्रो स्टेशन शाहिन बाग के पास कालिंदी कुंज रोड पर एक चलती वैगनआर कार अचानक रुक गई थी और उसके भीतर से जहरीला धुआं निकल रहा था. कार के भीतर कोई आग नहीं लगी थी बल्कि वह पूरी कार एक जानलेवा गैस चेंबर में तब्दील हो चुकी थी जिसके भीतर दो जिंदगी मौत से जूझ रही थीं.
शाहीन बाग और सरिता विहार इलाके के पास शुक्रवार शाम करीब 04:59 बजे मिस्ताद ने पुलिस को सूचना दी कि जसोला मेट्रो स्टेशन के पास एक वैगनआर कार (DL3CDB1668) के भीतर केमिकल लीक होने से दो लोग अचेत हो गए हैं. इसके ठीक 5 मिनट बाद दिल्ली फायर सर्विस को भी कार में आग लगने और दो लोगों के फंसे होने की कॉल मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस स्टाफ और दमकल अधिकारी ज्ञान सिंह के नेतृत्व में टीमें तुरंत मौके पर रवाना हुईं.
चलती कार में कैसे हुआ धमाका?
शुरुआती जांच और पुलिस की पूछताछ में यह साफ हुआ है कि कार चला रहे शख्स अनिल (42 वर्ष) दिल्ली सरकार के डिस्पेंसरी में लैब टेक्नीशियन हैं. वह अपनी गाड़ी में घर की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले फिनाइल या एसिड की एक प्लास्टिक की बोतल ले जा रहे थे. सफर के दौरान भीषण गर्मी और कार के भीतर दबाव बढ़ने के कारण अचानक तेजाब की बोतल का ढक्कन तेज आवाज और हल्के धमाके के साथ फट गया. बोतल फटते ही पूरी कार में तेजाब की बूंदें बिखर गईं और तेजी से जहरीली गैस फैल गई.
दम घुटने से बेहोश हुए सवार, कोई आग नहीं लगी
शुरुआती अफवाहों के उलट दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग ने साफ किया है कि गाड़ी के भीतर कोई बड़ी आग या विस्फोटक ब्लास्ट नहीं हुआ था. बोतल फटने से फैले एसिड के धुएं और जहरीली गैस के कारण ही गाड़ी में सवार दोनों लोगों का दम घुटने लगा और वे सांस न ले पाने के कारण गाड़ी के भीतर ही बेहोश हो गए. पुलिस ने तुरंत दोनों पीड़ितों को रेस्क्यू किया और पीसीआर एम्बुलेंस की मदद से एम्स (AIIMS) ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया.
वेंटिलेटर पर पहुंची महिला, लैब टेक्नीशियन 18% झुलसा
इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. कार चला रहे जसोला गांव निवासी अनिल करीब 18 प्रतिशत तक झुलस गए हैं. वहीं कार में उनके साथ सवार उनकी किराएदार सुष्मिता उर्फ सोनू उर्फ ज्योत्सना (42 वर्ष) की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. तेजाब की जहरीली गैस फेफड़ों में जाने के कारण उन्हें सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही है, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें अस्थाई रूप से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है. पुलिस अब इस बात की आधिकारिक जांच कर रही है कि बोतल में कौन सा खतरनाक केमिकल था.
दिल्ली कार हादसे की 5 बड़ी बातें
• शाम 5 बजे की घटना: यह हादसा शुक्रवार (22 मई) शाम करीब 5 बजे सरिता विहार क्षेत्राधिकार के तहत जसोला मेट्रो स्टेशन के पास कालिंदी कुंज रोड पर हुआ.
• गैस चेंबर बनी वैगनआर: कार में रखी एसिड की बोतल प्रेशर के कारण अचानक तेज आवाज के साथ फट गई, जिससे पूरी कार में जहरीली गैस फैल गई.
• फायर की कॉल, पर आग नहीं: दमकल विभाग को कार में आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर जांच में पता चला कि कोई आग या विस्फोटक ब्लास्ट नहीं हुआ था, बल्कि सिर्फ केमिकल रिसाव था.
• वेंटिलेटर पर पीड़ित: हादसे में दिल्ली सरकार के लैब टेक्नीशियन अनिल 18% झुलस गए हैं, जबकि उनकी किराएदार ज्योत्सना गंभीर रूप से बीमार होकर वेंटिलेटर पर हैं.
• पुलिस की जांच जारी: पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और केमिकल के वास्तविक सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है.
About the Author
डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें
