Last Updated:
अगर आपके मोबाइल की बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है, तो कुछ आसान आदतें बदलकर आप इसकी लाइफ बढ़ा सकते हैं. स्क्रीन ब्राइटनेस कम रखने, बेकार ऐप्स बंद करने और सही चार्जिंग तरीके अपनाने से फोन लंबे समय तक बेहतर परफॉर्म करता है.
आज के समय में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. ऑनलाइन पेमेंट से लेकर ऑफिस का काम, सोशल मीडिया, वीडियो कॉल और मनोरंजन तक हर चीज मोबाइल पर निर्भर हो गई है. लेकिन कई बार सबसे बड़ी परेशानी तब होती है, जब फोन की बैटरी जल्दी खत्म होने लगती है. बार-बार चार्जिंग करने से न सिर्फ परेशानी बढ़ती है, बल्कि बैटरी की लाइफ भी कम होने लगती है. ऐसे में कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप अपने मोबाइल की बैटरी को लंबे समय तक चला सकते हैं.
स्क्रीन ब्राइटनेस कम रखें. मोबाइल की बैटरी सबसे ज्यादा स्क्रीन पर खर्च होती है. अगर ब्राइटनेस हमेशा ज्यादा रहेगी तो बैटरी तेजी से खत्म होगी. इसलिए जरूरत के अनुसार ब्राइटनेस रखें या ऑटो ब्राइटनेस मोड ऑन कर दें.
बेकार ऐप्स बंद करें. कई ऐप्स बैकग्राउंड में लगातार चलते रहते हैं, जिससे बैटरी खर्च होती रहती है. जिन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, उन्हें बंद कर दें. साथ ही फोन में मौजूद अनावश्यक ऐप्स को डिलीट करना भी बेहतर रहेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
लोकेशन और ब्लूटूथ जरूरत पर ही ऑन करें. GPS, ब्लूटूथ और Wi-Fi जैसे फीचर्स लगातार ऑन रहने पर बैटरी तेजी से खत्म होती है. इसलिए जब जरूरत न हो तो इन्हें बंद रखें.
डार्क मोड का इस्तेमाल करें. अगर आपके फोन में AMOLED डिस्प्ले है तो डार्क मोड बैटरी बचाने में काफी मदद कर सकता है. इससे स्क्रीन कम पावर इस्तेमाल करती है और बैटरी ज्यादा देर तक चलती है.
फोन को बार-बार चार्ज न करें. कई लोग थोड़ी-थोड़ी देर में फोन चार्ज पर लगा देते हैं, जिससे बैटरी की हेल्थ खराब हो सकती है. कोशिश करें कि बैटरी 20% से नीचे न जाए और 80-90% तक चार्ज होने पर चार्जर हटा दें.
ओरिजिनल चार्जर का करें इस्तेमाल. हमेशा कंपनी का ओरिजिनल चार्जर और केबल इस्तेमाल करें. लोकल या खराब क्वालिटी के चार्जर बैटरी को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
ऐप्स और सॉफ्टवेयर अपडेट रखे. फोन के सॉफ्टवेयर और ऐप्स को समय-समय पर अपडेट करते रहें. नए अपडेट्स में बैटरी ऑप्टिमाइजेशन फीचर भी दिए जाते हैं, जिससे बैटरी बेहतर काम करती है.
ज्यादा गर्म होने से बचाएं. फोन को लंबे समय तक धूप में रखने या लगातार गेम खेलने से मोबाइल गर्म हो सकता है. ज्यादा गर्मी बैटरी की क्षमता को नुकसान पहुंचाती है. इसलिए फोन को ठंडी जगह पर रखें और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें. अगर आप इन आसान टिप्स को अपनी रोजमर्रा की आदत में शामिल कर लें, तो मोबाइल की बैटरी लंबे समय तक चलेगी और फोन की परफॉर्मेंस भी बेहतर बनी रहेगी.
