Plant Care Tips: भीषण गर्मी में भी हरे-भरे रहेंगे आपके पौधे! बस अपनाएं ये डबल पॉट फॉर्मूला, खिलखिलाता रहेगा गार्डन

Last Updated:

Summer Plant Care Tips: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण घरों की बालकनी और बगीचों में लगे पौधे सूखने लगे हैं. इस चिलचिलाती धूप में अपनी होम गैलरी की हरियाली को सुरक्षित रखने के लिए एक्सपर्ट्स ने सनलाइट और वॉटर मैनेजमेंट के खास टिप्स दिए हैं. जानिए दोपहर में पानी देने की गलती से कैसे बचें, एसी की गर्म हवा से पौधों को कैसे सुरक्षित रखें और ‘डबल पॉट्स’ फॉर्मूले व मिस्ट स्प्रे से मिट्टी में नमी कैसे बरकरार रखें, ताकि आपके पौधे हमेशा हरे-भरे रहें.

Summer Plant Care Tips: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा गाजियाबाद इन दिनों आसमान से बरसती आग और जानलेवा हीटवेव की चपेट में है. इस रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और तपती धूप ने न सिर्फ इंसानों का जीना मुहाल किया है, बल्कि घरों की बालकनी, छतों और बगीचों में लहराने वाली हरियाली पर भी ‘सनस्ट्रोक’ लगा दिया है. तेज लू के कारण घरों में लगे पौधे तेजी से झुलसकर सूख रहे हैं और नए पौधों का पनपना मुश्किल हो गया है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला उद्यान विभाग ने एडवाइजरी जारी की है, ताकि गर्मियों के इस क्रूर मौसम में भी आपके घर-आंगन की हरियाली को सुरक्षित और जिंदा रखा जा सके.

दोपहर में पानी देने की भूल न करें
जिला उद्यान अधिकारी निधि सिंह ने बताया कि गर्मियों के दौरान पौधों के लिए सनलाइट मैनेजमेंट (धूप का प्रबंधन) और वॉटर मैनेजमेंट (जल प्रबंधन) सबसे ज्यादा जरूरी होता है. उन्होंने विशेष रूप से सलाह दी है कि पौधों में पानी हमेशा सुबह या शाम के समय ही देना चाहिए. दोपहर की तेज धूप में पानी डालने से पौधों की जड़ें और पत्तियां बुरी तरह प्रभावित होती हैं, जिससे पौधे बहुत जल्दी खराब हो सकते हैं.

एसी की गर्म हवा से पौधों को बचाना है जरूरी
इसके साथ ही, दोपहर के समय पौधों को सीधी धूप से बचाना बेहद जरूरी है. इनडोर प्लांट्स (घर के अंदर रहने वाले पौधे) को सुबह और शाम की हल्की धूप जरूर मिलनी चाहिए, जबकि आउटडोर पौधों को तेज धूप के साथ-साथ एसी (AC) के आउटडोर यूनिट से निकलने वाली गर्म हवा से भी बचाना चाहिए. कई बार लोग इस बात पर ध्यान नहीं देते, जिससे पौधों की पत्तियां जलने लगती हैं और उनका विकास पूरी तरह रुक जाता है.

गर्मी में कौन से पौधे लगाएं और किनसे बचें?
निधि सिंह के अनुसार, गर्मियों के मौसम में कैलाथिया जैसे टेंपरेचर सेंसिटिव (तापमान के प्रति संवेदनशील) पौधों को लगाने से पूरी तरह बचना चाहिए, क्योंकि ज्यादा गर्मी में इनके खराब होने का खतरा सबसे अधिक बना रहता है. वहीं दूसरी ओर मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, एलोवेरा, तुलसी और मोगरा जैसे पौधे इस मौसम में आसानी से सर्वाइव (जीवित) कर लेते हैं और बेहद कम देखभाल में भी अच्छे बने रहते हैं.

बालकनी और रूफटॉप गार्डनिंग के लिए ‘डबल पॉट्स’ फॉर्मूला
जो लोग घर की बालकनी या छत पर गार्डनिंग (बागवानी) करते हैं, उनके लिए भी उद्यान विभाग ने बेहद खास सुझाव दिए हैं. विभाग के अनुसार, पौधों के गमलों को हमेशा डबल पॉट्स (एक गमले के अंदर दूसरा गमला) में रखना चाहिए, ताकि जड़ों का हिस्सा ज्यादा गर्म न हो और मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहे. इसके अलावा, पौधों पर मिस्ट स्प्रे से हल्का पानी छिड़कने से पत्तियों के आसपास एक ‘माइक्रो क्लाइमेट’ बनता है, जिससे पौधों को चिलचिलाती गर्मी से तुरंत राहत मिलती है.

ओवरक्राउडिंग से बचाएं और लगाएं एयर प्यूरीफायर प्लांट्स
जिला उद्यान अधिकारी ने यह भी सलाह दी कि पौधों को बहुत ज्यादा पास-पास सटाकर न रखें, क्योंकि इस ओवरक्राउडिंग (अत्यधिक भीड़) से पौधों में फंगल संक्रमण बढ़ने का खतरा रहता है. इसके साथ ही पौधों की पत्तियों को नियमित रूप से साफ करना भी बेहद जरूरी है. तेज धूप से सीधी सुरक्षा के लिए ग्रीन नेट (हरी जाली) या टेंपरेरी शेड (अस्थायी छाया) का इस्तेमाल किया जा सकता है. दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण और जानलेवा गर्मी के बीच घरों में एयर प्यूरीफायर प्लांट्स लगाना इस समय बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. इससे न केवल आपके घर का वातावरण बेहतर होता है, बल्कि घर के तापमान में भी कुछ हद तक राहत मिलती है.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *