Last Updated:
new delhi railway station- नई दिल्ली स्टेशन से ट्रेन पकड़ने के लिए किस रूट से जाना सही रहेगा. अजमेरी गेट या पहाड़गंज. इस समस्या से रोजाना हजारों यात्री रूबरू होते हैं. आखिर इस समस्या से बचने के लिए किस तरफ से स्टेशन में एंट्री की जाए, जिससे आपकी ट्रेन न छूटे. आइए जानते हैं.
स्टेशन के आसपास लगने वाले जाम से कई बार यात्रियों की ट्रेन तक छूटने की नौबत आ जाती है.
नई दिल्ली. नई दिल्ली स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वालों को सामान्य तौर पर प्लेटफार्म के अंदर पहुंचने तक धुकधुकी बनी रहती है कि कहीं ट्रैफिक में फंस कर ट्रेन छूट न जाए. कई बार लोग दूर-दराज से स्टेशन के बिल्कुल करीब तक पहुंच जाते हैं, पर आसपास लगने वाले जाम से ट्रेन छूटने तक की नौबत आ जाती है तो कई बार आंखों के सामने ट्रेन चली जाती है. इस समस्या से रोजाना हजारों लोग रूबरू होते हैं. आखिर इस समस्या से बचने के लिए किस तरफ से स्टेशन पर एंट्री की जाए, जिससे आपकी ट्रेन न छूटे. आइए जानते हैं.
नई दिल्ली स्टेशन से रोजाना 300 से अधिक ट्रेनों का ऑपरेशंस होता है. इसमें राजधानी, वंदेभारत, शताब्दी से समेत ज्यादातर प्रीमियम शामिल हैं. इस वजह से स्टेशन के आसपास ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है. जिससे जाम के हालात बन जाते हैं. रेलवे स्टेशन में दो ओर से एंट्री होती है, एक पहाड़गंज और दूसरी अजमेरी गेट.
पहाड़गंज की ओर जाने का रास्ता कनॉट प्लेस की ओर होकर जाता है. आमतौर पर कनॉट प्लेस में आफिस ऑवर में ट्रैफिक रहता है. इस वजह से ज्यादातर लोग इस ओर जाने से बचते हैं और पहाड़गंज की ओर से जाते हैं, जिससे अजमेरी गेट की तरफ ट्रैफिक का दबाव अधिक हो जाता है.
कौन सा रूट रहेगा सबसे सही
नई दिल्ली स्टेशन पहुंचने के लिए अलग-अलग समय अलग-अलग रूट लेना सबसे सही रहेगा. एक ही रूट से जाने से आप ट्रैफिक जाम में फंस सकते हैं. इसलिए आपको ट्रेन के समय के अनुसार रूट तय करना होगा, जिससे आप समय से स्टेशन पहुंच सकेंगे.
अजमेरी गेट की ओर से एंट्री कब ठीक रहेगी
ज्यादातर शताब्दी, वंदेभारत का समय सुबह छह बजे के आसपास ही होता है. इसलिए पांच से लेकर साढ़े पांच बजे एक साथ ट्रैफिक अजमेरी की ओर से जाता है. दीनदयाल उपाध्याय रोड मिंटो रोड या कमला मार्केट लालबत्ती पर सुबह सुबह अधिक ट्रैफिक होता है. यहां से स्टेशन पहुंचने में समय लग जाता है. इसलिए सुबह के अलावा दिन में किसी भी समय अजमेरी गेट की ओर से जाना ठीक रहेगा. भले ही आप दिल्ली के किसी कोने आ रहे हों.
पहाड़गंज की ओर कब करें एंट्री
अगर आप सुबह शताब्दी, वंदेभारत पकड़ने जा रहे हैं तो आपको अजमेरी गेट के बजाए पहाड़गंज की ओर से एंट्री ज्यादा ठीक रहेगी. यहां पर आप स्टेशन के गेट तक गाड़ी से पहुंच सकते हैं और जाम लगने के बाद समय कम होने पर भी लगेज लेकर पैदल ही प्लेटफार्म पहुंच सकते हैं. इस तरह सुबह के समय पहाड़गंज की ओर से जाना फायदेमंद होगा.
सुबह गलती से अजमेरी गेट पहुंच गए तो
पूर्वी दिल्ली, नोएडा या गाजियाबाद से आने वाले अगर सुबह-सुबह गलती से इस रोड पर आ गए तो मिंटो रोड लालबत्ती से पहले ही दाएं मुड़कर एयरपोर्ट मेट्रो के सामने पहुंचकर ट्रेन पकड़ सकते हैं. लोगों का मानना होता है कि सुबह-सुबह रास्ता खाली होगा. इस वजह से एक्स्ट्रा समय लेकर घर से नहीं निकलते हैं. जिससे ट्रेन छूटने की नौबत जा जाती है. इसलिए सुबह शताब्दी या वंदे भारत पकड़नी है और अजमेरी गेट की ओर से जा रहे हैं तो जरूर एक्स्ट्रा समय लेकर ही घर से निकलें.
