यूपी में बदल गया मौसम, नोएडा हुआ धूल-धूल तो ग्रेटर नोएडा में बरसे बदरा, गाजियाबाद में भी छाए बादल

Last Updated:

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में आज अचानक से कुछ जिलों में मौसम बदल गया. कहीं अंधेरा छा गया तो कहीं धूल धूल हो गया. हालांकि, अधितकर शहर गर्मी से ही बेहाल हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आज 22 जिलों में तपिश और लू का अलर्ट है.

यूपी में कहीं गर्मी तो कहीं बारिश.

लखनऊ: भीषण गर्मी का मार झेल रहे उत्तर प्रदेश में अब मौसम एकदम बदल गया है. शनिवार सुबह ही प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान देखने को मिला. इससे मौसम सुहाना हो गया है. एक तरफ जहां यूपी के जिले भट्ठी बनकर जल रहे हैं. वहीं आज सुबह ग्रेटर नोएडा और नोएडा में धूल भरी हवा चली. एक बार को तो लगा कि अब गर्मी से राहत मिल जाएगी. हालांकि, थोड़ी ही देर में मौसम फिर बदलता दिखाई दिया.

गाजियाबाद में बदला मौसम

गाजियाबाद में आज सुबह लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. सुबह से मौसम सुहाना बना रहा और आसमान में बादल छाए रहने से तेज धूप नहीं निकली. ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण लोगों ने राहत महसूस की. पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बीच मौसम का बदला मिजाज लोगों के लिए सुकून भरा रहा. ग्रेटर नोएडा में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई है.

यहां बरप रहा सूर्य का कहर

रामपुर में शनिवार सुबह से ही तेज धूप का असर शुरू हो गया है. सूरज निकलते ही भीषण गर्मी महसूस होने लगी हैं और तापमान तेजी से बढ़ता हुआ महसूस हो रहा है. इससे गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है. वहीं, बहराइच में भी सुबह से गर्मी उमस रही. सुबह ही तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया था. इधर, गोंडा में धूप काफी तेज बनी हुई है. सुबह के समय ही तापमान तेजी से बढ़ता महसूस हो रहा है, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है. गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है. मौसम विभाग ने भी दिन में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है. ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी जा रही है.

बांदा में ट्रैफिक लाइट सिग्नल बंद करने का फैसला

भारत में बढ़ती गर्मी अपना असर दिखा रही है. देश के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां अप्रैल का महीना आगे बढ़ते जाने के साथ ही सूरज की तपिश अब जानलेवा साबित हो रही है. उत्तर से लेकर दक्षिण भारत के इलाकों तक पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है. यहां तक कि यूपी के बांदा में तो तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच चुका है. लोग तरह-तरह के उपाय खोज रहे हैं. प्रशासन भी नए तौर-तरीके तलाश रहा है. चिलचिलाती गर्मी और लू से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. ट्रैफिक लाइट सिग्नल बंद करने का फैसला लिया है. दरअसल, दोपहर के सबसे गर्म समय में ट्रैफिक सिग्नल को फ्री फ्लो मोड पर कर दिया है, ताकि यात्रियों को चिलचिलाती धूप में इंतजार न करना पड़े. अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छाते और स्कार्फ उपलब्ध कराए गए हैं.

कहां कैसा रहेगा मौसम?

यूपी में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है. कुछ जिलों को छोड़कर हर तरफ गर्मी है. आज 22 जिलों में तपिश और लू का अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज में भी रेड अलर्ट है. पुरवाई हवाओं से उमस बढ़ गई है. इससे गर्मी का असर तेज होगा. हीट इंडेक्स बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ेगी. 41 जिलों में गर्म रातों की चेतावनी जारी है. वहीं, जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें आगरा, मथुरा, अलीगढ़ हैं. अगले 3-4 दिन राहत के आसार नहीं हैं.

About the Author

काव्‍या मिश्रा

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *