कैसे नोएडा से लीक हो गया बीटेक का पेपर, AKTU ने रद्द की परीक्षा, अब 5 जून को होगी दोबारा

Last Updated:

AKTU Paper Leak News: एकेटीयू में पेपर लीक होने के बाद बीटेक के छठें सेमेस्टर की कंप्यूटर साइंस की परीक्षा रद्द कर दी गई है. अब दोबारा 5 जून को परीक्षा आयोजित कराई जाएगी. वहीं इस पेपर लीक की जांच भी शुरू कर दी गई है.

एकेटीयू में पेपर लीक होने के बाद रद्द हुई परीक्षा.

लखनऊः डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में पहली बार सेमेस्टर परीक्षा के पेपर लीक होने का मामला सामने आया है. यह मामला 21 मई को आयोजित बीटेक कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा से जुड़ा है. जानकारी के मुताबिक, परीक्षा के दिन चेकिंग के दौरान यूएफएम (अनुचित साधन) की कार्रवाई में एक छात्र के पास से कुछ पर्चियां बरामद हुई थीं. इन पर्चियों में लिखे उत्तर उन्हीं प्रश्नों से संबंधित थे, जो परीक्षा में पूछे गए थे.

छात्र ने कहा- सर पेपर वायरल हो रहा है
इसके बाद विश्वविद्यालय को पेपर लीक होने की आशंका हुई. इसी बीच एक छात्र ने स्वेच्छा से सूचना दी कि प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर वायरल हो रहा था. जब वायरल प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो वह परीक्षा में आए वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाता पाया गया. इसके बाद विश्वविद्यालय ने पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की. जांच में यह भी सामने आया कि प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा केंद्रों को भेजा जाता है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि नोएडा के एक कॉलेज के क्रेडेंशियल यानी आईडी और पासवर्ड लीक हुए, जिनका दुरुपयोग कर प्रश्नपत्र डाउनलोड किया गया और आगे प्रसारित किया गया.

5 जून को दोबारा होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार प्रश्नपत्रों पर संबंधित परीक्षा केंद्र का वाटरमार्क और कोड अंकित होता है. वायरल हुए प्रश्नपत्र पर भी एक विशेष केंद्र का कोड मिला है, जिसके आधार पर जांच का दायरा उस कॉलेज तक पहुंचा है. फिलहाल डिजिटल रिकॉर्ड, लॉगिन गतिविधियों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने बीटेक कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा निरस्त कर दी है. ये परीक्षा दोबारा 5 जून को आयोजित होगी.

क्या बोले अधिकारी
परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नागरिया के अनुसार जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रश्नपत्र भेजने और प्रिंट करने की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा.

About the Author

Prashant RaiChief Sub Editor

Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *