Last Updated:
Delhi Crime News: दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में फूड प्वाइंट पर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. मां-बहन पर गलत टिप्पणी का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई. घायल युवक अस्पताल में कोमा में है. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपी ने क्राइम ब्रांच के सामने सरेंडर किया है. परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. यह घटना दिल्ली में बढ़ती सड़क हिंसा और युवाओं में आक्रामकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.
दिल्ली के अमर कॉलोनी फूड प्वाइंट पर विवाद के बाद युवक को गोली मारी गई. (सांकेतिक फोटो)
Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में हुआ यह गोलीकांड सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं है. यह समाज में बढ़ती हिंसा और छोटी-छोटी बातों पर ट्रिगर दबाने वाली मानसिकता का डरावना चेहरा है. एक लड़का अपनी फैमिली और दोस्तों के साथ फूड प्वाइंट पर बैठा था. आरोप है कि कुछ युवकों ने मां-बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की. जब इसका विरोध किया गया तो बात बहस तक पहुंची और फिर अचानक गोली चल गई. गोली लगने के बाद युवक जमीन पर गिर पड़ा और अब अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहा है. परिवार का कहना है कि आरोपी शराब के नशे में थे और मामूली बात पर उन्होंने हत्या की कोशिश कर डाली. इस घटना ने इलाके के लोगों को डरा दिया है और सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर दिल्ली की सड़कों पर गुस्सा इतना खतरनाक क्यों होता जा रहा है.
पीड़ित युवक की मां की बातें सुनकर हर कोई भावुक हो रहा है. उन्होंने बताया कि बेटा पहली बार 12वीं के पेपर खत्म होने के बाद दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था. परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि वह अस्पताल पहुंच जाएगा. मां का कहना है कि अगर कोई अपनी मां-बहन के लिए गलत बात का विरोध करे और उसे गोली मार दी जाए, तो समाज किस दिशा में जा रहा है. पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, लेकिन परिवार बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है. सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है और उसने देर रात क्राइम ब्रांच के सामने सरेंडर किया.
अमर कॉलोनी फूड प्वाइंट पर शुरू हुआ विवाद, फिर चली गोली
- घटना दक्षिण दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके की है जहां देर रात फूड प्वाइंट पर तीन युवक पहुंचे थे. वहां किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक आरोपी युवकों ने महिला रिश्तेदारों को लेकर गलत कमेंट किया था. जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया तो माहौल अचानक हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकाली और गोली चला दी.
- गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे कोमा में बताया. परिवार का कहना है कि अभी तक उसे होश नहीं आया है. पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात में कुल तीन लोग शामिल थे.
- सूत्रों के मुताबिक जिसने गोली चलाई वह खुद को एक सांसद का पोता बताता था. हालांकि संबंधित सांसद पहले ही पुलिस को पत्र लिखकर साफ कर चुके थे कि आरोपी का उनके परिवार से कोई संबंध नहीं है. पुलिस अब आरोपी की उम्र की पुष्टि के लिए बोन टेस्ट कराने की तैयारी में है, क्योंकि उसके बालिग या नाबालिग होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
नाबालिग आरोपी ने किया सरेंडर
सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी ने देर रात क्राइम ब्रांच के सामने सरेंडर कर दिया. बताया जा रहा है कि वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रह चुका है. पुलिस अब उसके दो अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
परिवार की मांग- बाकी आरोपी भी पकड़े जाएं
पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है. युवक की मां का कहना है कि उनका बेटा सिर्फ गलत बात का विरोध कर रहा था. उन्होंने कहा कि अगर कोई अपनी मां-बहन के सम्मान के लिए आवाज उठाए और बदले में गोली मिले, तो यह बेहद खतरनाक संकेत है. परिवार चाहता है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए.
अमर कॉलोनी गोलीकांड कैसे शुरू हुआ?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फूड प्वाइंट पर कुछ युवकों ने महिला रिश्तेदारों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. जब पीड़ित युवक और उसके दोस्तों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि आरोपी नशे में थे और गुस्से में गोली चला दी.
क्या आरोपी नाबालिग है?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी खुद को नाबालिग बता रहा है. उसकी सही उम्र जानने के लिए बोन टेस्ट कराया जाएगा. जांच एजेंसियां उसके पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं क्योंकि वह पहले भी एक मामले में शामिल रह चुका है.
पीड़ित युवक की हालत कैसी है?
युवक का इलाज जारी है और वह फिलहाल कोमा में है. डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं. परिवार बेहद सदमे में है और पुलिस से बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें
