IMD Delhi Weather Alert: दिल्ली और इससे सटे एनसीआर के इलाकों का भीषण गर्मी और लू से बुरा हाल है. भीषण गर्मी ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं. मई महीने के आखिरी हफ्ते में सूरज तेवर और लू ने लोगों को झुलसा दिया है. अगर आप भी इस जानलेवा गर्मी से बेहाल हैं, तो आपके लिए एक बेहद अच्छी खबर है. आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान और वेदर चार्ट्स के मुताबिक, दिल्ली को जल्द ही भयंकर गर्मी से छुटकारा मिलने वाला है.
बुधवार, 27 मई 2026 को शाम 5:30 बजे तक के मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के अधिकांश मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक है.
आज दिल्ली में कितना रहा पारा.
गर्मी का सेंटर रिज इलाका रहा
- रिज (Ridge): 45.6°C (सबसे गर्म)
- अयानगर (Ayanagar): 45.4°C
- पालम (Palam): 44.6°C
- लोधी रोड (Lodhi Road): 44.6°C
- सफदरजंग (Safdarjung – बेस स्टेशन): 44.3°C
दिन के साथ-साथ रातें भी काफी गर्म महसूस की जा रही हैं. न्यूनतम तापमान की बात करें तो पालम में 27.6°C, रिज में 27.5°C और सफदरजंग में 26.2°C दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में दिल्ली में बारिश का नामोनिशान नहीं रहा (000.0 mm), जिसके कारण उमस और सूखी गर्मी ने लोगों को और ज्यादा परेशान किया.
क्या है IMD की खुशखबरी?
गूगल वेदर और मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट्स से दिल्लीवालों के चेहरों पर मुस्कान लौट सकती है. आसमान से बरस रही इस आग के बीच, पश्चिमी विक्षोभ राहत की ठंडी फुहारें लेकर आ रहा है. अनुमान है कि 29 मई के बाद से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और हीटवेव का दौर खत्म हो जाएगा.
- गुरुवार (28 मई): तापमान में हल्की सी नरमी आ सकती है. पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हालांकि, धूप खिली रहेगी.
- शुक्रवार (29 मई): यह वो दिन है जिसका दिल्लीवालों को बेसब्री से इंतजार है. इस दिन आंधी-तूफान (Thunderstorms) के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है. कमाल की बात यह है कि अधिकतम तापमान सीधे लुढ़ककर 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ जाएगा. यानी कि अगले 48 घंटों में सीधे 10-11 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
- शनिवार (30 मई): शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे. बारिश की हल्की बौछारें मौसम को सुहाना बना सकती हैं. तापमान 34°C के आसपास बना रहेगा.
- रविवार (31 मई): वीकेंड के आखिरी दिन भी मौसम मेहरबान रहेगा. पारा 33°C तक गिरने की उम्मीद है और बादल छाए रहेंगे, जो चिलचिलाती गर्मी से पूरी तरह निजात दिलाएंगे.
राहत आने तक बरतें सावधानी
भले ही दो दिन बाद बारिश की अच्छी खबर है, लेकिन मौसम विभाग और प्रशासन ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों से अपील की है कि जब तक पारा नीचे नहीं आता, तब तक हीटवेव से खुद को बचाकर रखें. बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में घरों से बाहर निकलें, सिर को ढक कर रखें और लगातार पानी पीकर खुद को हाइड्रेटेड रखें.
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र ‘सफदरजंग’ में बुधवार को कितना तापमान दर्ज किया गया?
सफदरजंग मौसम केंद्र पर बुधवार को अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिल्लीवालों को भीषण गर्मी और लू से कब राहत मिलने की उम्मीद है?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में बारिश और आंधी की संभावना है. तापमान गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है.
29 मई से दिल्ली के मौसम में होने वाले बदलाव का मुख्य कारण क्या है?
29 मई से मौसम में होने वाले इस सुखद बदलाव और बारिश का मुख्य कारण उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है.
