सैदुल्लाजाब में मकान ढहने से 1 की मौत, मलबे से 9 लोगों को निकाला गया; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

House Collapse In Mehrauli Area In Delhi: दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके के सैदुल्लाजाब में एक मकान ढहने की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पूरी रात अभियान जारी रहा.

अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का कार्य शुरू किया गया. रात करीब 11:40 बजे तक दो और लोगों को घायल अवस्था में मलबे से सुरक्षित निकालकर एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार कुल 10 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया था, जिनमें से सात लोगों को दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने रेस्क्यू किया, जबकि तीन लोगों को स्थानीय निवासियों और पीसीआर कर्मियों की मदद से बाहर निकाला गया.

हालांकि, सुबह करीब 3:45 बजे तक उपलब्ध नवीनतम जानकारी के अनुसार मलबे से कुल नौ लोगों को निकाला जा चुका था. इनमें सात लोगों को डीएफएस ने एनडीआरएफ, डीडीएमए और अन्य एजेंसियों की सहायता से बाहर निकाला, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों ने बचाया.

नौ लोग घायल

घायलों में 26 वर्षीय तरुण कुमार निवासी गुरुग्राम, 27 वर्षीय साइका खान निवासी मोतिहारी (बिहार), 25 वर्षीय नीलम यादव निवासी सैदुल्लाजाब, 24 वर्षीय आदित्य शर्मा निवासी साकेत, 25 वर्षीय क्षितिज प्रताप निवासी नोएडा, 25 वर्षीय अनुज दीक्षित निवासी साकेत, 25 वर्षीय आस्था निवासी सैदुल्लाजाब और 24 वर्षीय विशाल शामिल हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

इस हादसे में 26 वर्षीय रवि की जान चली गई. अधिकारियों के अनुसार, उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. रवि की मौत के बाद परिजनों में शोक का माहौल है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. महरौली थाने के जांच अधिकारी एसआई निरंकार समेत अन्य पुलिसकर्मी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे. सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को घेर लिया गया है और लोगों की आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा गया.

अधिकारियों ने बताया कि अभी भी एहतियात के तौर पर मलबे की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे फंसा न हो. राहत अभियान पूरा होने के बाद मकान गिरने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी. प्रारंभिक तौर पर घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फिलहाल सभी एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और राहत कार्य जारी है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *