Last Updated:
साकेत मेट्रो के पास स्थित इमारत, जिसमें एक ग्राउंड फ्लोर और तीन अतिरिक्त मंजिलें निर्माणाधीन थीं, पास में ही बनी एक टिन-शेड वाली कैंटीन पर गिर गई, जहां बच्चे खाना खा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा शनिवार शाम करीब 6 बजे हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. अधिकारी अभी तक इमारत गिरने के सही कारण का पता नहीं लगा पाए हैं.
एनडीआरएफ की टीम बचाव अभियान में अब भी लगी है.
नई दिल्ली. दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत ढहने से चार लोगों की मौत के मामले में दो इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दक्षिण जोन के उपायुक्त की ओर से जारी एक आदेश के जरिये सहायक इंजीनियर (भवन), सुदेश सिंह चौहान और जूनियर इंजीनियर (भवन) को शनिवार को सईदुल अजायब इलाके में स्थित इमारत के निरीक्षण में हुई कथित चूक के लिए निलंबित कर दिया गया.
इस घटना के बाद कई एजेंसियों ने व्यापक बचाव अभियान चलाया. रविवार को मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई जबकि मलबे से कई लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. AIIMS ट्रॉमा सेंटर में इमारत गिरने की घटना के बाद 11 मरीज़ों को लाया गया था. इन 11 में से, तीन मरीज़ों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, चार मरीज़ भर्ती हैं. तीन को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि एक की मौत इलाज के दौरान हो गई.
Arise मेडिकल एकेडमी से जुड़े और हादसे के चश्मदीद रवि ने घटना के बारे में बताया, “हमारी जानकारी के मुताबिक एक शख्स मिसिंग है. जिसे ट्रैक किया जा रहा है. एक आंटी जो मेस चलाती थी उनकी डेथ हो गई हैं वो नेपाल की रहने वाली हैं. 15-16 छात्र वहां पर खाना खा रहे थे. मेस की टीन पर इमारत का मलबा गिरा और अगर टीन की जगह बिल्डिंग होती तो हादसा और बड़ा हो जाता. 3-4 लोगों की मौत हुई है.”
दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मालिक की गिफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वेस्टर्न मार्ग पर स्थित इस इमारत में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कार्यालय स्थित थे. घटना के समय इमारत के सबसे ऊपरी तल पर निर्माण कार्य किया जा रहा था. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अनंत मित्तल ने कहा कि इमारत मलबे में तब्दील हो गई और मलबा बगल में स्थित टिन शेड की बनी कैंटीन पर गिर गया, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र आते हैं. अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं और घटना का सटीक कारण पता लगाया जा रहा है.
About the Author
जावेद मंसूरी News 18 इंडिया में बतौर सीनियर करेस्पोंडेंट कार्यरत हैं. पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है. ABP न्यूज़ से अपने सफर की शुरुआत करने वाले जावेद मंसूरी ने जून 2012 से मार्च 2019 तक ABP न्यूज़ में काम किय…और पढ़ें
