'तुम बहुत खराब गा रहे हो' जब अनु मलिक ने कुमार सानू को लगाई फटकार, नोकझोंक के बीच रिकॉर्ड किए ब्लॉकबस्टर गाने

Last Updated:

कुमार सानू ने पुराने दिनों का किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि एक गाने की रिकॉर्डिंग के बाद अनु मलिक ने उन पर गुस्सा करते हुए कहा कि वे बहुत खराब और बेसुरा गा रहे हैं. कुमार सानू ने जब दोबारा मेहनत से गाना गाया, तो अनु मलिक बिना कुछ बोले स्टूडियो से बाहर चले गए. जिससे सानू उलझन में पड़ गए. हालांकि, उसी रात 11 बजे अनु मलिक ने सानू को फोन करके गाने की जमकर तारीफ की. इसी आपसी नोकझोंक से इस जोड़ी ने कई सदाबहार गाने दिए.

ख़बरें फटाफट

दोनों सितारों ने साथ में कई गाने रिकॉर्ड किए हैं.

नई दिल्ली: संगीतकार अनु मलिक और प्लेबैक सिंगर कुमार सानू ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर गाने दिए, जो आज भी लोगों की प्लेलिस्ट की शान बने हुए हैं. मगर अक्सर स्टूडियो के बंद कमरों में इन दोनों दिग्गजों के बीच गानों को लेकर जमकर बहस और नोकझोंक भी होती थी. सोशल मीडिया पर कुमार सानू का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कपिल शर्मा के शो में अनु मलिक के साथ रिकॉर्डिंग के दौरान मजेदार और दिलचस्प किस्सा सुनाया. कुमार सानू ने हंसते हुए बताया कि अनु मलिक के साथ हर गाने की रिकॉर्डिंग में किसी न किसी बात पर किचकिच होना एकदम आम बात थी, जो मानो उनके काम करने के स्टाइल का ही एक हिस्सा बन चुका था.

कुमार सानू ने किस्से को याद करते हुए बताया कि अमूमन वे पहली ही बार में पूरे कॉन्फिडेंस के साथ अपना बेस्ट शॉट देने के लिए रिकॉर्डिंग रूम में जाते थे, लेकिन एक दिन कुछ ऐसा हुआ जिसने उन्हें भी हैरान कर दिया. जैसे ही सानू दा ने गाना गाकर खत्म किया, माइक के दूसरी तरफ बैठे अनु मलिक भड़क गए और सीधे नाराजगी जताते हुए सख्त लहजे में बोले, ‘तुम बहुत खराब गा रहे हो, तुम्हारी आवाज बिल्कुल सही नहीं लग रही है और तुम सुर में भी नहीं हो!’ अनु मलिक के मुंह से इतनी कड़वी बातें सुनकर कुमार सानू के होश उड़ गए. उन्हें लगा कि शायद उनसे कोई वाकई बहुत बड़ी गड़बड़ हो गई है. जब उन्होंने अनु मलिक से पूछा कि भाई आखिर दिक्कत कहां है और कहां सुधार करना है, तो अनु मलिक ने बिना कुछ साफ बताए उन्हें दोबारा से पूरा गाना गाने का फरमान सुना दिया.

अनु मलिक का अतरंगी अंदाज
कुमार सानू ने बिना कोई बहस किए अपनी पूरी जी-जान लगाकर दूसरी बार में उस गाने को फिर से रिकॉर्ड किया. गाना खत्म होने के बाद वे रिकॉर्डिंग रूम के शीशे से अनु मलिक के रिएक्शन का इंतजार करने लगे. मगर इस बार अनु मलिक का अंदाज और भी अतरंगी था. वे अपनी सीट से उठे और बिना एक भी शब्द बोले चुपचाप सीधे स्टूडियो से बाहर निकल गए. कुमार सानू वहां खड़े-खड़े पूरी तरह उलझन में पड़ गए कि आखिर माजरा क्या है. गाना अच्छा बना है या बेहद बकवास? कुछ देर बाद जब वहां मौजूद रिकॉर्डिस्ट ने उनसे कहा कि सर रिकॉर्डिंग पूरी हो चुकी है और अब आप घर जा सकते हैं, तो कुमार सानू भी अपना सिर खुजलाते हुए स्टूडियो से बाहर निकलकर अपने घर के लिए रवाना हो गए.

साथ में दिए कालजयी गाने
असली सस्पेंस तो उसी रात को खुला जब, करीब 11 बजे अचानक कुमार सानू के फोन की घंटी बजी और दूसरी तरफ अनु मलिक लाइन पर थे. फोन उठाते ही अनु मलिक ने बड़े प्यार से उनका निकनेम पुकारा और चिल्लाते हुए बोले, ‘बॉस! आज तो तुमने वाकई कमाल का गाना गाया है, मजा आ गया!’ यह सुनकर सानू दा अपनी हंसी नहीं रोक पाए कि जिस गाने के लिए दिन में उन्हें इतनी डांट पड़ी और जो तारीफ रिकॉर्डिंग के वक्त मिलनी चाहिए थी, उसे करने में अनु मलिक को पूरे सात-आठ घंटे का वक्त लग गया. भले ही काम के दौरान इनके बीच कितनी भी खींचतान रही हो, लेकिन इसी अनोखी ट्यूनिंग का नतीजा था कि ‘बाजीगर’, ‘चुरा के दिल मेरा’ और ‘तेरे दर पर सनम’ जैसे सदाबहार गाने वजूद में आए, जो आज की नई पीढ़ी के दिलों पर भी राज कर रहे हैं.

About the Author

Abhishek NagarSenior Sub Editor

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *