सुबह 2 पीस खा लीजिए, घंटों नहीं लगेगी भूख!, जानिए खस्ता खजूर की रेसिपी

Last Updated:

झारखंड के रांची और आसपास के इलाकों में बनने वाला पारंपरिक ‘खजूर’ स्वाद और सेहत का अनोखा संगम माना जाता है. ठेकुआ की तरह दिखने वाला यह खस्ता पकवान लंबे समय तक खराब नहीं होता, इसलिए इसे सफर, नाश्ते और बच्चों के लिए खास तौर पर तैयार किया जाता है. आटा, चीनी, नारियल और सूखे मेवों से बनने वाला यह व्यंजन न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसकी शेल्फ लाइफ भी लगभग एक महीने तक रहती है. यही वजह है कि आज भी यह पारंपरिक रेसिपी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है.

झारखंड की राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में पारंपरिक रूप से एक बेहद खास और लोकप्रिय पकवान बनाया जाता है, जिसे स्थानीय लोग ‘खजूर’ (ठेकुआ का एक रूप) कहते हैं.

यह खाने में जितना स्वादिष्ट और खस्ता होता है, सेहत के लिहाज से भी उतना ही बढ़िया माना जाता है. इस पारंपरिक पकवान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक महीने तक बिल्कुल खराब नहीं होता.

सुबह के वक्त इसके सिर्फ एक या दो पीस खा लेने से बन गदगद हो जाता है. इसे एक बेहतरीन ब्रेकफास्ट भी माना जाता है. लंबे सफर पर जाने वाले यात्री और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों के लिए माता-पिता इसे विशेष तौर पर बनाकर साथ देते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

रांची की गृहणी उषा बताती हैं कि इसे पारंपरिक तौर पर आटा और मैदा को बराबर मात्रा में मिलाकर बनाया जाता है. हालांकि, अगर आप इसे बच्चों के लिए और अधिक पौष्टिक व हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो केवल गेहूं के आटे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

सबसे पहले आप जितनी मात्रा में खजूर बनाना चाहते हैं, उतना आटा (या आटा-मैदा का मिश्रण) ले लें. अब इसमें मोयन के लिए कम से कम 6 बड़ी चम्मच रिफाइंड तेल या घी डालें और हाथों से अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद दूसरी तरफ चीनी की चाशनी तैयार करें. ध्यान रहे कि चाशनी गाढ़ी नहीं, बल्कि पानी की तरह बिल्कुल पतली होनी चाहिए. उदाहरण के लिए, यदि 1 किलो आटा है, तो उसमें एक पाव (250 ग्राम) चीनी की पतली चाशनी पर्याप्त होगी.

जब आटे में तेल अच्छी तरह मिल जाए, तो उसमें तैयार चाशनी डालें. इसके साथ ही स्वाद बढ़ाने के लिए दो मुट्ठी नारियल का बुरादा, इलायची पाउडर और अपनी पसंद के बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स डालकर मिश्रण को बढ़िया से गूंथ लें. अब इस मिश्रण को हाथ में बांधकर देखें, यदि यह गोल आकार लेने लगे तो समझिए आपका आटा परफेक्ट तैयार है. इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पारंपरिक सांचे (डाई) की मदद से इसे खजूर का खूबसूरत शेप दे दें.

अंत में कढ़ाई में तेल गर्म करें और धीमी से मध्यम आंच पर इन्हें सुनहरा होने तक छान लें. आपका स्वादिष्ट और खस्ता खजूर तैयार है. इसे ठंडा करके एयरटाइट डिब्बे में रखें और महीने भर इसके स्वाद का आनंद लें. आप इसे रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ शेयर भी कर सकते हैं. वे इसे खाकर स्वाद की तारीफ करते नहीं थकेंगे.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *