मालवीय नगर के बाद अब नोएडा की आईवी काउंटी के फ्लैट और कॉम्‍पलेक्‍स में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने काबिले तारीफ काम किया

Noida Fire News Update |  दिल्‍ली एनसीआर में आग लगने की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं. मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब नोएडा में भी आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है. सेक्‍टर 74 की एक सोसायटी के फ्लैट में यह आग लगी. आग की लपटें देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता था कि इस घटना में यह फ्लैट पूरी तरह जल चुका है. जानकारी के अनुसार, नोएडा के सेक्टर 75 की आईवी काउंटी सोसायटी एक फ्लैट में यह आग लगी. सुबह करीब सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर आगजनी की यह घटना हुई है. हादसे के बाद से फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझा ली गई. 12 वें फ्लोर पर यह आग लगी बताई जा रही है. उधर, नोएडा के 52 में भी एक कॉम्‍पलेक्‍स में आग लग गई. यह आग शताब्दी विहार में लगी. यहां नीचे एक रेस्टोरेंट है और ऊपर PG मौजूद था. फायर ब्रिगेड की टीम ने यहां मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी और बड़ी घटना होने से बचा ली. दोनों आग बुझा दी गई हैं.

आईवी काउंटी सोसायटी में आग की घटना के बाद फायर विभाग ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. धुएं के प्रभाव को देखते हुए आसपास और ऊपरी मंजिलों के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. मौके पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां तैनात की गई थीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. फायर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर मौजूद थे. अधिकारियों के अनुसार आग काफी भीषण थी, इसलिए एहतियात के तौर पर आसपास के फ्लैट भी खाली करा दिए गए हैं. फायर विभाग का कहना है कि फिलहाल किसी व्यक्ति के फंसे होने या घायल होने की सूचना नहीं है. इसके बावजूद यह सुनिश्चित करने के लिए अलग से रेस्क्यू टीमों का गठन किया गया है कि कोई भी शख्‍स बिल्डिंग के भीतर न रह जाए.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी. एसी ब्लास्ट की चर्चा पर भी फायर विभाग ने फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझाने और कूलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके बाद आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी.

आग लगने के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुरक्षा कारणों से आसपास के लोगों को भवन के नजदीक नहीं जाने दिया जा रहा है. आशंका है कि आग की वजह से इमारत के बाहरी हिस्से, एसी की आउटडोर यूनिट या अन्य सामग्री ऊपर से गिर सकती है. इसी को देखते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लिया गया. मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई और दमकल विभाग के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रही है. अधिकारियों का पूरा ध्यान आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोकने पर रहा.

दरअसल, सेक्टर-74 से सेक्टर-78 तक का इलाका नोएडा के सबसे घनी आबादी वाले हाईराइज क्षेत्रों में शामिल है, जहां लाखों लोग रहते हैं. ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज सोसायटियों में फायर सेफ्टी, फायर ऑडिट और अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सेक्‍टर 52 में वक्‍त रहते पहुंची फायर ब्रिगेड, आग बुझाई
उधर, सेक्टर-52 के एक कॉम्प्लेक्स में भी आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. नोएडा सेक्टर-52 की इस घटना में आग किस कारण से लगी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया, जिससे किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका.

मौके पर मौजूद फायर अधिकारी ने बताया कि जब उनकी टीम आईवी काउंटी में लगी आग बुझाने में जुटी हुई थी, तभी सेक्टर-52 में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग की टीम को यहां रवाना किया गया. फायर अधिकारी ने कहा, “हमें सूचना मिली थी कि इमारत के अंदर लोगों के फंसे होने की आशंका है. इसी को देखते हुए हाइड्रोलिक वाहन समेत कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. हमारी टीम बेहद कम समय में यहां पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया.”

उन्होंने बताया कि दमकल कर्मी आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और विशेष अग्निशमन सूट पहनकर भवन के भीतर पहुंचे. टीम ने अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी व्यक्ति इमारत में फंसा न रह जाए. अधिकारी के अनुसार, फिलहाल किसी के फंसे होने या घायल होने की सूचना नहीं है. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. उन्होंने कहा, “हमारी टीम का रिस्पांस टाइम काफी बेहतर रहा. सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया. अब आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.” फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दमकल विभाग द्वारा आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *