Last Updated:
Noida Workers Protest Politics: नोएडा में श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद अब राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया है. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने वीडियो शेयर कर पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी आलोचना की.
शालिनी सिंह ने सवाल उठाए.
नोएडा: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर नोएडा में गारमेंट और फैक्ट्री वर्कर्स के वेतन वृद्धि के आंदोलन ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया था. पत्थरबाजी, वाहनों में आगजनी और संपत्ति तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की. यहां तक कि ये प्रदर्शन आज भी बढ़ता दिखा. इस बीच सियासी गलियारों में हलचल मच गई है. दरअसल, कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने इस मामले पर एक वीडियो जारी कर सरकार को आड़े हाथ ले लिया. उन्होंने सवाल किया कि हाईटेक शहर नोएडा में इतना बड़ा प्रदर्शन अचानक हिंसक कैसे हो गया. आखिर खुफिया विभाग को इसकी कोई भनक तक क्यों नहीं लगी. उनके सवाल उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
क्यों हो रहा विरोध प्रदर्शन?
नोएडा के फैक्ट्री वर्कर्स में गुस्सा तो काफी दिन से था. मगर, ट्रिगर बना हरियाणा में हालिया 35 फीसदी न्यूनतम वेतन वृद्धि होना. हरियाणा सरकार ने अनस्किल्ड वर्कर्स के लिए मासिक वेतन लगभग 19,000-20,000 रुपये कर दिया. वहीं नोएडा में समान काम करने वाले मजदूर अभी भी 11,000 से 13,000 रुपये ही कमा रहे थे. उन्होंने मांग की कि उनका भी वेतन बढ़ाया जाए… साथ ही अन्य सुविधाएं भी मिले. काफी दिनों से चल रहा विरोध प्रदर्शन बीते सोमवार को उग्र हो गया और आगजनी, चीख पुकार तक पहुंच गया. अबतक पुलिस 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.
आखिर कानों कान खबर क्यों नहीं हुई?
इस बीच, नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी उपाध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि आज जो नोएडा में हुआ पूरा दिन वो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. ये हमारे इंटेलिजेंस सिस्टम और पुलिस प्रशासन की पूरी तरह से असफलता दिखाता है. कर्मचारी आंदोलन इतना उग्र हो गया, इसमें आपराधिक तत्व शामिल हो गए, जिन्होंने आगजनी और तोड़फोड़ की. पूरे नोएडा में डर का माहौल है. बेचारे मां-बाप अपने बच्चों को स्कूल से लाने के लिए परेशान थे. सुनने में आ रहा था कि वर्क फ्रॉम होम का ऐलान कर दिया गया है. ये किस तरह की व्यवस्था में हम रह रहे हैं. एक हाईटेक शहर में इतना बड़ा प्रदर्शन अचानक हिंसक कैसे हो गया और इंटेलिजेंस को इसकी कानों-कान खबर क्यों नहीं हुई. क्या तैयारी है नोएडा प्रशासन के पास ऐसी घटनाओं से सुलझने के लिए…
उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास कोई टास्क फोर्स नहीं है. हमारे पास कोई अर्धसैनिक बल को बुलवाने की व्यवस्था नहीं है. ये जो आंदोलन था, जो मांगे थीं, वो वहां तक तो पहुंची भी नहीं… इसमें असामाजिक तत्व शामिल हो गए, जिन्होंने इस पूरे आंदोलन को हाईजैक कर लिया. हम कैसे सुनेंगे श्रमिकों की आवाज? जब इस तरह का माहौल बन गया है नोएडा में… मेरा आपसे बहुत विनम्र निवेदन है नोएडा को इस भय से बाहर निकालिए.
आपको बता दें कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह के एक भाई भाजपा सांसद और दूसरे विधायक हैं, इसके बावजूद उन्होंने अपनी ही सरकार और पुलिस की विफलता पर सवाल खड़े किए हैं. यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब शालिनी हाल ही में राजनीति में आने के संकेतों को लेकर चर्चा में रही हैं.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें
