Last Updated:
11 और 12 जून को मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से निजात मिलने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज होकर 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दोपहर और शाम के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था. 9 और 10 जून को तेज धूप, लू जैसे हालात और गर्म हवाओं ने दिनभर लोगों को बेहाल रखा. सड़कें दोपहर के समय लगभग सूनी नजर आईं और घरों में भी पंखे-एसी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे थे. लेकिन अब मौसम करवट लेने जा रहा है और तपती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है.
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के असर से दिल्ली-एनसीआर का मौसम पूरी तरह बदल सकता है. मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
11 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि शाम के समय 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही हल्की बारिश और बिजली चमकने की भी संभावना है. रात में भी मौसम सक्रिय बना रह सकता है.
12 जून को मौसम और ज्यादा राहत देने वाला साबित हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान घटकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. यानी महज दो दिनों में तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है.
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव केवल तापमान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वातावरण में नमी बढ़ने और बादलों की आवाजाही से लोगों को गर्म हवाओं से भी राहत मिलेगी. हालांकि आंधी और तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बारिश के बाद 13 और 14 जून को भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा. आंशिक बादल छाए रहने और तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है. ऐसे में भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए आने वाले दो दिन किसी राहत की फुहार से कम नहीं होंगे.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
