Last Updated:
Tips And Tricks: अगर आप सालभर चलने वाला स्वादिष्ट और टिकाऊ आम का अचार बनाना चाहते हैं तो सही कैरी का चुनाव बेहद जरूरी है. बघेलखंड के जलीहा, खट्टवा और रामकेला आम अचार के लिए सबसे बेहतर माने जाते हैं. लेकिन, इनको खरीदते समय…
Tips And Tricks: गर्मी का मौसम आते ही बाजार में आम की अलग-अलग वैरायटी पहुंचने लगती हैं. कच्चे आम से पना, चटनी और लौंजी बनाई जाती है. वहीं आम का अचार हर घर की पहली पसंद होता है. लोग सालभर खाने के लिए बड़ी मात्रा में अचार तैयार करते हैं, लेकिन कई बार गलत किस्म के आम चुनने से अचार जल्दी खराब हो जाता है. ऐसे में सही कैरी का चुनाव बेहद जरूरी हो जाता है.
आम की इन वैरायटी का अचार सबसे बढ़िया
सीधी की रसोइया प्रियंका सिंह ने बताया कि अचार के लिए ऐसे आम सबसे अच्छे माने जाते हैं, जिनका गूदा सख्त हो, खटास अधिक हो और रेशे कम हों. बघेलखंड क्षेत्र में मिलने वाले जलीहा, खट्टवा और रामकेला आम अचार बनाने के लिए सबसे बढ़िया है. जलीहा आम खास रेशेदार और तेज खटास के लिए जाना जाता है. इसका अचार स्वाद में लाजवाब होता है. वहीं, खट्टवा आम आकार में छोटा होने के बावजूद अचार के लिए पसंद किया जाता है. इसकी खटास और मजबूत गूदा अचार को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखते हैं.
ये वैरायटी भी बढ़िया
रामकेला आम भी अचार के लिए किसानों और गृहिणियों की पहली पसंद माना जाता है. यह कच्ची अवस्था में काफी सख्त और खट्टा होता है. इसके अलावा राजापुरी आम भी अचार के लिए अच्छा विकल्प है. इसका आकार बड़ा, छिलका मोटा और गूदा अधिक होता है. वहीं, तोतापरी आम अपनी लंबी चोंच जैसी आकृति और कम रस के कारण मसालों को अच्छी तरह सोख लेता है, जिससे अचार का स्वाद बढ़ जाता है.
अचार के लिए ऐसे आम न खरीदें
प्रियंका सिंह ने बताया कि अचार के लिए हमेशा पूरी तरह कच्चे और सख्त आम ही खरीदने चाहिए. हल्के पके या नरम आम का अचार जल्दी गल सकता है. ऐसे आम चुनें जिनमें गूदा ज्यादा और रेशे कम हों. बहुत मोटी गुठली वाले आम से बचना चाहिए, क्योंकि उनमें गूदा कम होता है.
सूंघ कर भी चेक करिए…
आम खरीदते समय उसका छिलका हरा, साफ और बिना दाग-धब्बों वाला होना चाहिए. कटे-फटे या काले निशान वाले आम अचार के लिए सही नहीं माने जाते. साथ ही आम को सूंघकर भी देखना चाहिए. यदि उसमें मीठी खुशबू आने लगे तो समझिए कि वह पकने लगा है और अचार के लिए उपयुक्त नहीं है.
प्रियंका के मुताबिक सही आम का चयन करने से अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता और उसका स्वाद भी बरकरार रहता है. इसलिए इस गर्मी यदि आप स्वादिष्ट और टिकाऊ आम का अचार बनाना चाहते हैं, तो कैरी खरीदते समय इन आसान बातों का जरूर ध्यान रखें.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
