Last Updated:
GDA Property Auction : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी करने जा रहा है. इनमें आवासीय भूखंड, दुकानों के लिए भूखंड, कन्वीनियंट शॉपिंग प्लॉट, स्कूल, होटल, नर्सिंग होम, अस्पताल, ग्रुप हाउसिंग और क्योस्क के लिए भूखंड शामिल हैं. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओएसडी कनिका कौशिक ने बताया कि यह सभी भूखंड इंदिरापुरम, इंदिरापुरम विस्तार, मधुबन बापूधाम, इंद्रप्रस्थ, वैशाली और कौशांबी में हैं. इच्छुक लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं.
गाजियाबाद. एनसीआर में अपना घर, दुकान या निवेश के लिए जमीन खरीदना लाखों लोगों का सपना होता है. अगर आप भी गाजियाबाद में अपनी पसंद की प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण 20 जून को विभिन्न योजनाओं के आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी करने जा रहा है. इस नीलामी के जरिए लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार भूखंड खरीदकर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओएसडी कनिका कौशिक ने बताया कि इस बार की नीलामी में कुल 103 प्रॉपर्टी शामिल की गई हैं. इनमें आवासीय भूखंड, दुकानों के लिए भूखंड, कन्वीनियंट शॉपिंग प्लॉट, स्कूल, होटल, नर्सिंग होम, अस्पताल, ग्रुप हाउसिंग और क्योस्क के लिए भूखंड शामिल हैं.
कितने से कितना आकार
यह सभी भूखंड गाजियाबाद की प्रमुख योजनाओं जैसे इंदिरापुरम, इंदिरापुरम विस्तार, मधुबन बापूधाम, इंद्रप्रस्थ, वैशाली और कौशांबी में स्थित हैं. 62 भूखंड इंदिरापुरम और इसकी विस्तार योजना में रखे गए हैं. इसके अलावा मधुबन बापूधाम में औद्योगिक भूखंड और इंद्रप्रस्थ योजना में ग्रुप हाउसिंग के लिए प्लॉट भी नीलामी का हिस्सा बनाए गए हैं. भूखंडों का आकार 120 वर्ग मीटर से लेकर 7 हजार वर्ग मीटर तक है, जिससे छोटे निवेशकों से लेकर बड़े कारोबारी और संस्थान भी इसमें हिस्सा ले सकेंगे.
कब अंतिम तिथि
GDA OSD कनिका कौशिक के मुताबिक, पहली बार 18 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित पांच मिक्स्ड लैंड यूज भूखंड भी नीलामी के लिए लाए गए हैं. इन भूखंडों को खरीदने के बाद आवासीय उपयोग के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी नक्शा पास कराया जा सकेगा. इससे खरीदारों को एक ही प्रॉपर्टी में रहने और व्यवसाय करने की सुविधा मिल सकेगी. नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 जून है. इच्छुक लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. ऑफलाइन आवेदन के लिए एचडीएफसी बैंक से फॉर्म प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. 20 जून को गाजियाबाद के हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से खुली बोली शुरू होगी. सबसे ऊंची बोली लगाने वाले को संबंधित भूखंड आवंटित किया जाएगा.
इन बातों का रखा गया ध्यान
जीडीए अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से प्राधिकरण की नीलामियों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. लोगों की मांग और पसंद को ध्यान में रखते हुए इस बार विभिन्न आकार के भूखंड शामिल किए गए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार प्रॉपर्टी खरीद सकें. गाजियाबाद में जमीन या व्यावसायिक संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए यह नीलामी एक बेहतरीन अवसर साबित हो सकती है.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें
