Last Updated:
IMD Delhi-NCR Weather News: मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई थी. अब मौसम विज्ञानियों की यह भविष्यवाणी सच साबित हुई. सोमवार सुबह को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई.
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार 15 जून 2026 को सुबह में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. (फाइल फोटो)
दिल्ली-NCR में 15 जून का मौसम: राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर बदलता दिखा. यहां एक बार तेज तूफानी हवाओं ने लोगों को टेंशन में डाल दिया. और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह को बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली. आसमान में घने बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट देखने को मिली. मौसम विभाग (आईएमडी) और मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी, जो अब जमीन पर भी दिखाई दे रही है. IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी युक्त हवाओं के कारण मध्यम से भारी बारिश हो रही है. इस मौसमी तंत्र के संयुक्त प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में व्यापक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई.
IMD के एक्सपर्ट नरेश कुमार ने बताया कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ उत्तर हरियाणा के ऊपर स्थित है और धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. इसके कारण बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है.
19 जून तक बारिश के आसार
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 19 जून तक मौसम का यह बारिश और तेज हवा का दौर जारी रहेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 13 से 19 जून के बीच रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 14 से 19 जून तक वर्षा गतिविधियां जारी रह सकती हैं. मैदानी क्षेत्रों में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 19 जून तक छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मौसम अधिक अस्थिर बना रह सकता है. राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी तेज आंधी और तूफानी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
