Last Updated:
Tricks To Make Tea Tasty: ढाबे वाली चाय का स्वाद अधिकतर लोगों को भा जाता है. अगर घर पर बनी चाय में ढाबे जैसा स्वाद और खुशबू नहीं आती, तो अदरक, इलायची और दालचीनी का इस्तेमाल करके देखिए. ये चीजें चाय के फ्लेवर को बढ़ाने के साथ उसकी महक को खास बना सकती हैं. इन चीजों की मदद से आप घर पर ढाबे वाली चाय का आनंद ले सकते हैं.
चाय बनाते वक्त उसमें इलायची और दालचीनी डालने से स्वाद दोगुना हो सकता है.
Dhaba-Style Chai Recipe: ट्रैवल करते वक्त अक्सर लोग ढाबे पर रुककर गर्मागर्म चाय का आनंद लेते हैं. ढाबे की बनी कड़क चाय सफर की थकान मिटा देती है. ढाबे की चाय का स्वाद कई लोगों को खूब भाता है. अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि घर पर बनी चाय में वह स्वाद और खुशबू नहीं आती, जो सड़क किनारे ढाबों या चाय की दुकानों पर मिलती है. दरअसल ढाबे वाली चाय का राज सिर्फ चायपत्ती या दूध नहीं होता, बल्कि उसमें इस्तेमाल होने वाले कुछ खास मसाले और उनका सही संतुलन भी होता है. अगर आप भी घर पर ढाबे जैसी चाय बनाना चाहते हैं, तो चाय बनाते समय इन 3 चीजों को जरूर शामिल करें.
अदरक बढ़ाएगा चाय का स्वाद
ढाबे वाली चाय में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीज अदरक है. ताजा अदरक को हल्का कूटकर पानी में उबालने से उसकी खुशबू और स्वाद चाय में घुल जाता है. अदरक चाय को सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं बनाता, बल्कि ठंड, खांसी और गले की खराश से भी राहत दिलाता है. अदरक कई सब्जियों में भी खूब डाला जाता है. चाय बनाते समय एक इंच अदरक का टुकड़ा कूटकर डालने से उसका फ्लेवर काफी बढ़ सकता है.
इलायची बढ़ाएगी चाय की खुशबू
अगर आप चाहते हैं कि चाय की महक पूरे घर में फैल जाए, तो चाय बनाते वक्त इलायची जरूर डालें. ढाबों में अक्सर चाय को ज्यादा सुगंधित बनाने के लिए इलायची का इस्तेमाल किया जाता है. एक या दो हरी इलायची को हल्का कुचलकर उबलते पानी में डाल दें. इससे चाय में एक अलग ही मिठास और खुशबू आ जाती है, जो हर घूंट को खास बना देती है.
दालचीनी डालने से चाय बनेगी खास
दालचीनी का छोटा-सा टुकड़ा आपकी साधारण चाय को खास बना सकता है. इसकी हल्की मीठी और मसालेदार खुशबू चाय के फ्लेवर को नया आयाम देती है. ढाबों और मसाला चाय बनाने वाले कई लोग दालचीनी का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि इसकी मात्रा बहुत ज्यादा नहीं होनी चाहिए, वरना इसका स्वाद बाकी चीजों पर हावी हो सकता है.
ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल चाय
सबसे पहले एक पैन में पानी उबालें. अब इसमें कूटा हुआ अदरक, इलायची और दालचीनी डाल दें. इन मसालों को 2 से 3 मिनट तक उबलने दें, ताकि उनका स्वाद और खुशबू पानी में अच्छी तरह घुल जाए. इसके बाद चायपत्ती डालें और एक मिनट तक पकाएं. अब दूध और चीनी मिलाकर चाय को धीमी आंच पर कुछ मिनट तक उबलने दें. जब चाय का रंग गहरा और खुशबू तेज हो जाए, तो इसे छानकर गर्मागर्म सर्व करें.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
