दफ्तर से घर निकल रहे हो? कार-बाइक छोड़ पकड़ लें मेट्रो… अगले 3 घंटे दिल्‍ली-NCR में बारिश का महा-अलर्ट

होमताजा खबरDelhi

कार दफ्तर में छोड़ घर के लिए पकड़ें मेट्रो, दिल्ली-NCR में बारिश का महा-अलर्ट

Last Updated:

Delhi-Gurugram-Noida Traffic Jam Status: मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के सभी जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. सड़कों पर भारी जलभराव और अंडरपास बंद होने से भयंकर ट्रैफिक जाम लग सकता है. दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को कार-बाइक छोड़ मेट्रो से सफर करने की सलाह दी गई है. जाम से बचने के लिए आईटीओ के बजाय बारापुला फ्लाईओवर और डीएनडी के बजाय अक्षरधाम रूट का इस्तेमाल करें.

आईएमडी ने दिल्‍ली एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. (PTI)

नई दिल्‍ली. शाम के पांच बज चुके हैं. दफ्तर में सिस्टम शटडाउन करके आप घर जाने की तैयारी में हैं, बैग पैक हो चुका है और जेब में गाड़ी की चाबी है. लेकिन रुकिए! जरा दफ्तर की खिड़की से बाहर आसमान का रंग देखिए. अगर आप इस समय दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर अपनी कार या बाइक लेकर उतरने की सोच रहे हैं तो यह आपकी आज की सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली से लेकर नोएडा, गाजियाबाद से गुरुग्राम तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का ऐसा अलर्ट जारी किया है जो आपकी रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा सकता है. बताया जा रहा है कि दिल्‍ली-गुरुग्राम हाइवे पर इस वक्‍त 10 किलोमीटर लंबा जाम है. समझदारी इसी में है कि आज अपनी गाड़ी को दफ्तर की पार्किंग में ही छोड़िए और सीधे मेट्रो का रुख करिए, वरना दिल्ली की सड़कों पर देर रात तक चक्काजाम में फंसे रह जाएंगे.

आसमान में कड़कती बिजली और 40 किमी की रफ्तार से तूफानी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के भीतर पूरी दिल्ली और एनसीआर के आसमान में घने काले बादलों का डेरा होगा. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलेंगी, भारी गरज-चमक होगी और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. इस आफत का असर दिल्ली के लगभग हर कोने पर पड़ने वाला है. मौसम विभाग ने जिन जिलों को विशेष रूप से अलर्ट पर रखा है, उनमें शामिल हैं:
• साउथ ईस्ट दिल्ली, ईस्ट दिल्ली और शाहदरा.
• सेंट्रल दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली.
• न्यू दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली.
• नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली.

सड़कें बनेंगी तालाब, लंबे जाम की आशंका
जब दिल्ली में ऐसी मानसूनी बारिश होती है तो सड़कें चंद मिनटों में तालाब बन जाती हैं. इस संभावित प्रभाव के कारण जलभराव गंभीर समस्या पैदा होने वाली है. सड़कों पर भयंकर फिसलन होगी और कई प्रमुख अंडरपास पानी भरने के कारण बंद किए जा सकते हैं. इसका सीधा असर रेल, सड़क और हवाई यातायात पर पड़ेगा, जिससे उड़ानों और ट्रेनों में देरी संभव है. साथ ही तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है.

इन रास्तों पर रेंग रही गाड़ियां

• दिल्‍ली में इन रास्तों पर भारी जाम: धौला कुआं, आईटीओ (ITO), रिंग रोड, आश्रम चौक, मिंटो ब्रिज अंडरपास और गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेसवे (सरहौल बॉर्डर) पर जलभराव के कारण गाड़ियां अभी से रेंगने लगी हैं. इन रास्तों पर जाने का मतलब है घंटों की कैद.
• दिल्‍ली में किस रास्ते पर कम जाम: अगर आपको साउथ से सेंट्रल दिल्ली जाना है तो मुख्य रिंग रोड के बजाय बारापुला फ्लाईओवर का इस्तेमाल करें, यहां जलभराव की संभावना कम होती है और ट्रैफिक स्मूथ रहता है. वहीं, नोएडा से दिल्ली आने-जाने के लिए डीएनडी (DND) के बजाय मयूर विहार लिंक रोड या अक्षरधाम रूट पर फिलहाल कम दबाव देखा जा रहा है. बाहरी दिल्ली के लोग पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं, जहां जाम की स्थिति अमूमन नहीं बनती.

मौसम विभाग की जरूरी सलाह
1. बारिश और कम दृश्यता के दौरान वाहनों की रफ्तार धीमी रखें और हेडलाइट ऑन रखें.
2. तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे बिल्कुल खड़े न हों.
3. जलभराव वाले अंडरपास या सड़कों के बीच गाड़ी ले जाने का जोखिम न उठाएं.
4. बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, छतों और जलाशयों से तुरंत दूर हट जाएं.

About the Author

Sandeep GuptaChief Sub Editor

डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *