भारत में पहली बार एक फरार गैंगस्टर पर मुकदमा चलाया जाएगा. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज विशाल गोगे ने गैंगस्टर कपिल सांगवान को लेकर आदेश दिया है. दरअसल कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम -MCOCA) के तहत आरोपी है लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था और तभी से वह लंदन में रह रहा है. सांगवान को फरार घोषित करने के साथ ही उस पर इनाम भी रखा गया है, हालांकि अब उसकी गैर-मौजूदगी में कोर्ट में केस चलेगा. जबकि अभी तक के नियमों के अनुसार ऐसा नहीं होता था.
9 जुलाई को जारी एक आदेश में स्पेशल जज विशाल गोगे ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 356 (घोषित अपराधी की अनुपस्थिति में जांच, परीक्षण या निर्णय) के तहत अनुपस्थिति में मुकदमे को आगे बढ़ाने की अनुमति दी है. जबकि अभी तक आईपीसी की धाराओं में ऐसा प्रावधान नहीं था. नए नियमों के अनुसार अब किसी अपराध के आरोपी व्यक्ति पर उसकी अनुपस्थिति में भी मुकदमा चलाया जा सकता है और उसे दोषी ठहराया जा सकता है. इसे ऐसे माना जाएगा जैसे आरोपी अदालत में मौजूद था और उसने निष्पक्ष सुनवाई के अपने अधिकार को छोड़ दिया हो.
आइए जानते हैं कि ये कपिल सांगवान उर्फ नंदू कौन है और उसके पांच गुनाह क्या हैं?
कपिल सांगवान उर्फ ‘नंदू’ दिल्ली के नजफगढ़ का रहने वाला एक वांटेड गैंगस्टर है. दिल्ली पुलिस के अनुसार वह हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी (एक्सटॉर्शन), लूट और संगठित अपराध जैसे कई मामलों में आरोपी है. वह 2020 में पैरोल पर बाहर आया था लेकिन उसके बाद कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत छोड़कर विदेश भाग गया. पुलिस का मानना है कि वह लंबे समय तक ब्रिटेन (यूके) से अपना गैंग संचालित करता रहा.
क्या हैं कपिल सांगवान के पांच बड़े गुनाह?
हत्या के मामले
दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार कपिल सांगवान पर हत्या के कई केस दर्ज हैं. वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गैंगवार से जुड़े मामलों में वांटेड रहा है.
रंगदारी (Extortion)
सांगवान पर दिल्ली के कारोबारियों, बिल्डर और प्रॉपर्टी कारोबारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के कई मामलों में उसका नाम सामने आया है. पुलिस का आरोप है कि वह विदेश से फोन और इंटरनेट कॉल के जरिए भी धमकियां देता था और रंगदारी वसूलता था.
नफे सिंह राठी हत्याकांड में नाम
फरवरी 2024 में हरियाणा के आईएनएलडी नेता नफे सिंह राठी की हत्या के बाद कपिल सांगवान ने सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. इस मामले की भी जांच चल रही है.
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का दावा
अप्रैल 2025 में पश्चिम विहार के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद कपिल सांगवान के नाम से सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आई थी. इसकी भी पुलिस जांच कर रही है.
MCOCA और संगठित अपराध
दिल्ली पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) सहित संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. पुलिस का आरोप है कि उसका गैंग हथियार सप्लाई, गैंगवार और रंगदारी जैसे अपराधों में सक्रिय रहा है.
