Last Updated:
jasprit bumrah ruled out: जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो चुके हैं. बुमराह अपने बाएं घुटने में अब भी तकलीफ महसूस कर रहे हैं, जिसकी वजह से पूरी तरह फिट न होने के चलते मैनेजमेंट को उन्हें बाहर करने का बड़ा फैसला लेना पड़ा.
जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर.
नई दिल्ली. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आई है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दोनों मैचों से बाहर हो गए हैं. जसप्रीत बुमराह का बाहर होना भारत के लिए एक बड़ा झटका है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बुमराह के बाएं घुटने में अब भी तकलीफ बनी हुई है, जिसकी वजह से टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ ने फिलहाल उन्हें लेकर किसी भी तरह का जोखिम न उठाने का फैसला किया है. देखना होगा कि उनकी जगह किसे रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में टीम से जोड़ा जाता है. टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी.
क्या चोटिल हैं बुमराह?
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी चरण के दौरान बुमराह के घुटने की परेशानी हुई थी. इसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें इंजेक्शन लेने की सलाह दी, जो उन्होंने पिछले महीने लिया भी. हालांकि, उम्मीद के मुताबिक वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. बुमराह को श्रीलंका दौरे के लिए टीम में शामिल जरूर किया गया था, लेकिन उनका खेलना ‘सब्जेक्ट टू फिटनेस’ था.
दूसरे टेस्ट तक फिट होने की थी उम्मीद
शुरुआत में उम्मीद थी कि बुमराह कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट तक फिट हो सकते हैं, लेकिन मेडिकल टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती. इसलिए उन्हें पूरी तरह ठीक होने तक आराम करने की सलाह दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई का मानना है कि पहले भी कुछ खिलाड़ियों को जल्दबाजी में मैदान पर उतारा गया और उनकी चोट फिर से उभर गई. बुमराह भारत के सबसे अहम गेंदबाजों में से एक हैं, इसलिए उनके साथ ऐसा जोखिम नहीं लिया जाएगा.
भारत के सबसे अहम बॉलर हैं बुमराह
आगे भारत को एशियन गेम्स, न्यूजीलैंड दौरा और अगले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं. ऐसे में बोर्ड चाहता है कि बुमराह पूरी तरह फिट होकर ही वापसी करें बुमराह के बाहर होने पर भारत के पास तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे विकल्प मौजूद रहेंगे. आकिब नबी को बुमराह के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम से जोड़ा जा सकता है.
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
