Last Updated:
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए लिवर ट्रांसप्लांट के लिए हैदराबाद जा रहे मरीज को समय पर फ्लाइट दिलाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया. सर गंगा राम अस्पताल से IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-4 तक करीब 20 किलोमीटर का सफर महज 20 से 22 मिनट में पूरा कराया गया. हेड कांस्टेबल सनी के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने पूरे रूट पर ट्रैफिक क्लियर कराया. समय पर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मरीज हैदराबाद के लिए रवाना हो गया. परिवार ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का आभार जताया है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर तैयार कर 20 मिनट में एक मरीज को एयरपोर्ट पहुंचाया है. (एआई इमेज)
Green Corridor for Liver Transplant: एक जिंदगी को बचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर कुछ ऐसा किया है, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. जी हां, एक मरीज को लिवर ट्रांसप्लांट के लिए फौरन हैदराबाद रवाना होना था. हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट में थोड़ा ही समय बचा था. ऐसे में बड़ी चुनौती थी कि मरीज को समय रहते एयरपोर्ट कैसे पहुंचाया जाए. इस बाबत पता चलने पर मरीज को समय पर एयरपोर्ट पहुंचाने की जिम्मेदारी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ली. आनन फानन दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया. शाम के भारी ट्रैफिक के बावजूद एम्बुलेंस ने करीब 20 किमी का सफर महज 20 मिनट में पूरा कर लिया.
- सर गंगा राम अस्पताल से शुरू हुआ ऑपरेशन: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त की शाम सर गंगा राम अस्पताल से एक लिवर ट्रांसप्लांट मरीज को हैदराबाद के लिए रवाना होना था. मरीज को निर्धारित समय पर आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचाना था. फ्लाइट छूटने पर ट्रांसप्लांट की पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल और संबंधित अधिकारियों ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से मदद मांगी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत ग्रीन कॉरिडोर बनाने की योजना तैयार कर ली.
- 20 किलोमीटर का सफर सिर्फ 20 मिनट में पूरा: ऑपरेशन के तहत सर गंगा राम अस्पताल से आईजीआई एयरपोर्ट तक करीब 20 किलोमीटर लंबे रूट पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई. सामान्य दिनों में शाम के समय इस दूरी को तय करने में काफी अधिक समय लग सकता है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की रणनीति और कॉर्डिनेशन की वजह से एम्बुलेंस बिना किसी रुकावट के लगातार आगे बढ़ती रही. पूरी यात्रा केवल 20 मिनट में पूरी हो गई और मरीज समय पर एयरपोर्ट पहुंच गया.
- कई पुलिसकर्मियों ने संभाली जिम्मेदारी: पूरे ऑपरेशन का कॉर्डिनेशन हेड कांस्टेबल सनी ने किया. वहीं हेड कांस्टेबल हेमराज और सुखविंदर मोटरसाइकिल पर एम्बुलेंस के आगे चलते रहे और रास्ता साफ कराते रहे. इसके अलावा रूट पर तैनात अन्य ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक रोककर एम्बुलेंस को बिना रुके आगे बढ़ने में मदद की. भारी ट्रैफिक के बावजूद एम्बुलेंस तय समय से पहले एयरपोर्ट पहुंच गई.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें
