कल स्कूल खुलेंगे या छुट्टी रहेगी? दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बीच जानें अपडेट

नई दिल्ली (Schools Closed Tomorrow). देशभर में मॉनसून एक बार फिर स्पीड पकड़ चुका है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और आस-पास के इलाकों में लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में 8 अगस्त 2026 को लेकर स्कूली बच्चों के मन में सवाल है कि कल स्कूल खुलेंगे या छुट्टी होगी.

फिलहाल दिल्ली या पूरे देश के लिए एक साथ किसी केंद्रीय छुट्टी की घोषणा नहीं की गई है. अलग-अलग राज्यों और जिलों में स्थानीय मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन फैसले ले रहा है. दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में मौसम और जलभराव के आधार पर नजर रखी जा रही है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में कांवड़ यात्रा की वजह से पहले से ही छुट्टी चल रही है. जानिए 8 अगस्त 2026 यानी कल आपका स्कूल बंद रहेगा या नहीं.

दिल्ली में 8 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे या नहीं?

दिल्ली में मौसम विभाग ने मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है. फिलहाल दिल्ली शिक्षा निदेशालय (DoE) या एमसीडी की तरफ से 8 अगस्त के लिए सभी स्कूलों की छुट्टी का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. इसका मतलब है कि दिल्ली के स्कूल सामान्य रूप से खुलेंगे. हालांकि, अगर किसी खास इलाके में जलभराव ज्यादा होता है या देर रात से सुबह तक बारिश लगातार होती है तो स्थानीय स्तर पर स्कूल प्रशासन या डीएम छुट्टी का फैसला ले सकते हैं.

नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में छुट्टी का अपडेट

एनसीआर के प्रमुख शहरों यानी नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी 8 अगस्त को कोई अवकाश घोषित नहीं है. इन जिलों में जिला मजिस्ट्रेट (DM) हालात पर नजर बनाए हुए हैं. अगर देर रात या सुबह तड़के तेज बारिश और जलभराव के कारण सड़कें जाम होती हैं तो जिला प्रशासन आपातकालीन सूचना जारी कर सकता है. इसलिए अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे सुबह स्कूल का WhatsApp ग्रुप या ऑफिशियल मेसेज जरूर चेक कर लें.

गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर में बंद रहेंगे स्कूल

उत्तर प्रदेश के कई पश्चिमी जिलों में बारिश से अलग एक और बड़ी वजह से छुट्टी घोषित की गई है- कांवड़ यात्रा. गाजियाबाद जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे. इसी तरह मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ और रूट डायवर्जन को देखते हुए 12 अगस्त तक अवकाश घोषित है.. यानी इन जिलों में 8 अगस्त को भी स्कूल बंद रहेंगे.

बुलंदशहर में नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

मौसम के बदलते मिजाज और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने बुलंदशहर के सभी स्कूलों में कल अवकाश घोषित कर दिया है. यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के बेसिक, माध्यमिक, सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू रहेगा.

पहाड़ी और अन्य राज्यों में मौसम का हाल

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कुछ पहाड़ी और मैदानी इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. जिन जिलों में रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां के स्थानीय जिलाधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिए हैं. अभिभावक अपने-अपने जिलों के आपदा प्रबंधन विभाग के अपडेट पर ध्यान दें.

कैसे पता करें कल स्कूल बंद है या नहीं?

अगर आप ऐसे क्षेत्र में रहते हैं जहां भारी बारिश हो रही है या कांवड़ यात्रा का असर है तो बिना आधिकारिक पुष्टि के बच्चों को स्कूल न भेजें. स्कूल प्रशासन के संपर्क में रहें और मौसम विभाग की किसी भी चेतावनी को नजरअंदाज न करें. किसी भी तरह की अफवाह पर यकीन करने के बजाय जिला प्रशासन की ऑफिशियल विज्ञप्ति ही मान्य होगी.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *