Delhi Weather: दिल्‍ली में आज भी लगेगा 'कुदरत का लॉकडाउन' या मौज वाला होगा वीकेंड, IMD ने बताया कैसा रहेगा मौसम

IMD Delhi-NCR Weather: देश की राजधानी दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को दिनभर बारिश होती रही. 7 अगस्‍त की शाम को ऐसी धुआंधार बारिश हुई कि दिल्‍ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम में लगा जैसे नदी सड़क पर उतर आई हो. लोग जहां थे, वहीं थम गए. कार-बाइक के पहिए जाम हो गए. सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. लोग घंटों फंसे रहे. दूसरी तरफ, जो लोग जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलना चाहते थे, वे अपनी ही चारदिवारी में कैद होकर रह गए. मौसम विभाग ने पहले ही दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था. अब IMD ने 8 अगस्‍त को दिल्‍ली-एनसीआर में हल्‍की से मध्‍यम बारिश होने की संभावना जताई है. इसका मतलब इस वीकेंड पर बारिश का साया रहेगा.

दिल्ली में एक दिन पहले हुई बारिश में नेशनल कैपिटल के अलग-अलग जगहों पर काफी पेड़ गिरे. दमकल विभाग के मुताबिक दिन से रात तक 206 से ज्यादा कॉल्स मिली जिसमें जलभराव, आग लगने, ड्रिल, पेड़ गिरने और दूसरी कॉल्स भी शामिल हैं. दिल्ली में बारिश की वजह से कुल 29 पेड़ गिरे, जबकि घरों के गिरने की 14 कॉल्स (छज्जे, छत) शामिल हैं. दमकल विभाग ने बताया कि इन हादसों में कहीं जनहानि नहीं हुई.

15 साल का टूटा रिकॉर्ड

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 1 से 7 अगस्त के बीच दिल्ली में 127 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो वर्ष 2011 के बाद इस अवधि में सबसे अधिक है. लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हुआ और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही. शुक्रवार को दिल्ली के कई मौसम केंद्रों पर भारी बारिश दर्ज की गई. पुष्प विहार में 111.5 मिमी, छतरपुर में 104.5 मिमी और आयानगर में 87.4 मिमी बारिश हुई. पालम में 73.5 मिमी, जनकपुरी में 68 मिमी और सफदरजंग में 57.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. शाम 5.30 से 6.30 बजे के बीच मयूर विहार में 24 मिमी और पुष्प विहार में 19 मिमी बारिश हुई.

क्‍यों हुई इतनी बारिश

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में व्यापक बारिश के पीछे सक्रिय मानसून ट्रफ, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बने निम्न दबाव क्षेत्र तथा इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ का संयुक्त प्रभाव रहा. मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार से बारिश की गतिविधि में कमी आने की संभावना है और अगले दो दिनों में हल्की बारिश हो सकती है. बारिश के कारण दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर चार फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहन फंस गए और लंबा जाम लगा. लगातार बारिश से तापमान भी सामान्य से काफी नीचे रहा. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम है.

जमीन से आसमान तक असर

दिल्ली में शुक्रवार को हुई तेज बारिश और खराब मौसम का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर भी पड़ा. खराब मौसम के कारण एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा. कुल 652 उड़ानें (यानी करीब 48 प्रतिशत उड़ानें) देरी से संचालित हुईं. वहीं, 17 उड़ानों को रद्द करना पड़ा. शुक्रवार रात तक उड़ानों में औसतन 25 मिनट की देरी दर्ज की गई. एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी के पीछे कई कारण रहे, लेकिन भारी बारिश, कम दृश्यता, एयर ट्रैफिक की भीड़ और मौसम संबंधी प्रतिबंध प्रमुख वजहों में शामिल रहे. एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर जांच लें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *