दिल्ली में बारिश का रिकॉर्ड: 8 दिन में ही अगस्त का कोटा पूरा, 1 दिन में 100 MM के करीब बरसे बादल

होमताजा खबरDelhi

सिर्फ 8 दिन और बारिश ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, दिल्ली में अगस्त का औसत पीछे छूटा

Last Updated:

Delhi Rain News: दिल्ली में अगस्त के शुरुआती आठ दिनों में ही पूरे महीने के कोटे से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है. शहर की मुख्य मौसम वेधशाला सफदरजंग में अब तक 230.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो अगस्त महीने की औसत 226.8 मिलीमीटर बारिश के आंकड़े को पार कर गई है.

24 घंटे के दौरान पालम में 104.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. (फाइल फोटो)

Delhi Rain Record August Data: राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त के पहले आठ दिन में ही इस महीने की औसत बारिश से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है. शहर की प्रमुख मौसम वेधशाला सफदरजंग वेधशाला में अब तक 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. सफदरजंग में इस महीने की शुरुआत से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 225.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी. इसके बाद शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 4.4 मिलीमीटर और बारिश हुई, जिससे कुल वर्षा 230.1 मिलीमीटर हो गई.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 1991 से 2020 की जलवायु अवधि के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अगस्त में औसतन कुल 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को पिछले दो वर्ष में अगस्त के किसी एक दिन में सर्वाधिक बारिश भी दर्ज की गई. सफदरजंग में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान 98.7 मिलीमीटर बारिश हुई. इससे पहले अगस्त में एक दिन में इससे अधिक बारिश एक अगस्त 2024 को दर्ज की गई थी. उस समय 107.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी.

शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान पालम में 104.6 मिलीमीटर, आयानगर में 115 मिलीमीटर, रिज में 89.8 मिलीमीटर और लोधी रोड में 86.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच आयानगर में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद रिज में 9.4 मिलीमीटर और लोधी रोड में 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सफदरजंग और पालम में 4.4-4.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिन दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है.

About the Author

Rakesh Ranjan Kumar

राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *