राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा.
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, अलर्ट की अवधि में बारिश की रफ्तार 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक रह सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को विशेष रूप से तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
दिल्ली के सभी 11 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी के किसी एक हिस्से को नहीं, बल्कि दिल्ली के सभी 11 जिलों को रेड वार्निंग के दायरे में रखा है. इनमें सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ-ईस्ट दिल्ली, साउथ-वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली शामिल हैं.
यानी राजधानी के लगभग हर हिस्से में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम बिगड़ने की आशंका है. तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में लोगों को खुले इलाकों से बचने की सलाह दी गई है.
दिल्ली से सटे इलाकों में भी मौसम का असर
दिल्ली के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने की चेतावनी दी गई है. उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद समेत कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है.
वहीं, हरियाणा के कई जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. सोनीपत, पानीपत और करनाल समेत कई इलाकों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे तेज बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें. खासकर बिजली चमकने और गरज के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के आसपास जाने से सावधानी बरतने की जरूरत है.
राजधानी में पहले से ही भारी बारिश के दौरान जलभराव और ट्रैफिक की समस्या सामने आती रही है. ऐसे में तेज बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार बढ़ने से यातायात और सामान्य जनजीवन पर भी असर पड़ सकता है.
फिलहाल मौसम विभाग की नजर दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में बन रहे मौसम के हालात पर बनी हुई है. अगले कुछ घंटे राजधानी के लिए खासे अहम माने जा रहे हैं.
