क्रिकेट का जुनून रखने वाला वो लड़का, बिजनेस में भी आजमाया हाथ, किस्मत ने बना दिया हीरो

Last Updated:

बॉलीवुड के अन्ना यानी सुनील शेट्टी 11 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाते हैं. 90 के दशक में जब उन्होंने फिल्मों में कदम रखा, तो अपनी दमदार आवाज, मजबूत शरीर और जबरदस्त एक्शन से दर्शकों के बीच अलग पहचान बना ली. हालांकि, फिल्मों में आने से पहले सुनील शेट्टी का सपना एक्टर बनने का नहीं था. बचपन और किशोरावस्था में उनका सबसे बड़ा जुनून क्रिकेट था. वह क्रिकेट को लेकर काफी गंभीर थे और इसे अपना करियर बनाने का सपना देखते थे.

नई दिल्ली. सुनील शेट्टी का जन्म 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक के मुल्की में हुआ था. बाद में उनका परिवार मुंबई आ गया और यहीं उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की. उस दौर में क्रिकेट का युवाओं के बीच जबरदस्त क्रेज था. सुनील भी इस खेल से काफी प्रभावित थे और धीरे-धीरे क्रिकेट को लेकर गंभीर होते चले गए.

सुनील शेट्टी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह करीब 14 साल के थे, तब उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स को देखा था. रिचर्ड्स के मजबूत हाथ और चौड़े कंधों ने सुनील को इंप्रेस किया था. सुनील ने जानना चाहा कि इतना मजबूत शरीर कैसे बनाया जा सकता है. उन्हें बताया गया कि इसके लिए वेट ट्रेनिंग करनी चाहिए. इसके बाद उन्होंने वेट ट्रेनिंग शुरू कर दी. उस समय शायद सुनील ने सोचा भी नहीं होगा कि शरीर को फिट और मजबूत रखने की यही आदत आगे चलकर उनकी पहचान का अहम हिस्सा बन जाएगी.

सुनील शेट्टी ने मुंबई के अंडर-16 क्रिकेट सेटअप में भी हिस्सा लिया था. इस दौरान उन्होंने रवि शास्त्री के नेतृत्व में क्रिकेट खेला. वह क्रिकेट में आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें महसूस हुआ कि इस खेल में आगे का सफर उनके लिए आसान नहीं होने वाला है.इसके बाद उन्होंने क्रिकेट से थोड़ा दूर होकर मार्शल आर्ट्स और फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया. मार्शल आर्ट्स ने उनके शरीर के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी मजबूत किया. इसी दौरान उनका झुकाव बिजनेस की तरफ भी बढ़ा.

Add News18 as
Preferred Source on Google

क्रिकेट और बिजनेस के बीच सुनील की जिंदगी ने अचानक एक नया मोड़ लिया. उन्हें फिल्मों में काम करने का मौका मिला और साल 1992 में उन्होंने ‘बलवान’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया.

फिल्म में उनका मजबूत शरीर और एक्शन करने का अंदाज दर्शकों को पसंद आया. इसके बाद सुनील शेट्टी ने ‘वक्त हमारा है’, ‘मोहरा’, ‘दिलवाले’, ‘अंत’, ‘कृष्णा’ और ‘गोपी किशन’ जैसी फिल्मों में काम किया. एक्शन फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड में एक मजबूत अभिनेता के तौर पर पहचान दिलाई.

सुनील शेट्टी ने खुद को सिर्फ एक्शन फिल्मों तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने कॉमेडी, रोमांस और गंभीर किरदारों में भी हाथ आजमाया. फिल्म ‘हेरा फेरी’ में श्याम का किरदार उनके करियर के सबसे यादगार किरदारों में शामिल हो गया.

अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ उनकी तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म के बाद सुनील की कॉमेडी टाइमिंग की भी जमकर तारीफ हुई. इसके अलावा ‘धड़कन’, ‘मैं हूं ना’ और ‘फिर हेरा फेरी’ जैसी फिल्मों ने भी उनके करियर को नई ऊंचाइयां दीं.

सुनील शेट्टी ने फिल्मों के साथ-साथ बिजनेस की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. होटल और रेस्तरां (जैसे क्लब H2O और मिसचीफ डाइनिंग बार), रियल एस्टेट विकास (S2 रियल्टी एंड डेवलपर्स), जैसे बिजनेस किए हैं.

फिल्म ‘धड़कन’ में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. आज सुनील शेट्टी बॉलीवुड के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने एक्शन हीरो से लेकर कॉमेडी और गंभीर किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाई है.सुनील शेट्टी की कहानी इस बात की भी मिसाल है कि जिंदगी हमेशा उसी रास्ते पर नहीं चलती, जिसका हम बचपन में सपना देखते हैं. क्रिकेट का जुनून रखने वाला एक लड़का आगे चलकर बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा बना और अपनी फिटनेस के लिए भी खास पहचान बनाई.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *