गाजियाबाद: रात का वक्त सड़कें खाली, ट्रैफिक कम और चौराहे पर सिग्नल की लाल-हरी बत्ती की जगह सिर्फ येलो लाइट ब्लिंक करती नजर आती है. ऐसे में कई वाहन चालक मान लेते हैं कि अब रास्ता पूरी तरह साफ है और बिना गति कम किए चौराहा पार कर देते हैं, लेकिन जरा संभलकर रात में सिग्नल का ब्लिंक करना ट्रैफिक नियमों से छूट का संकेत नहीं है आपकी यही जल्दबाजी न सिर्फ हादसे की वजह बन सकती है बल्कि ITMS कैमरे से आपका चालान भी कट सकता है.
येलो लाइट ब्लिंक हो तो धीमी करनी होगी रफ्तार
गाजियाबाद में रात के समय ट्रैफिक कम होने के कारण कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल का संचालन अलग तरीके से किया जाता है. गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी त्रिगुण बिसेन ने बताया कि जिन चौराहों पर रात में येलो लाइट ब्लिंक करती है वहां वाहन चालकों को अपनी स्पीड कम करके सावधानी से चौराहा पार करना चाहिए. ऐसे में चालक को चारों तरफ देखकर आगे बढ़ना चाहिए क्योंकि किसी भी दिशा से आने वाला वाहन दुर्घटना का कारण बन सकता है.
कई चौराहों पर रात में भी सामान्य तरीके से चलता है सिग्नल
डीसीपी ने बताया कि गाजियाबाद के कई चौराहों पर रात के समय भी लाल, पीली और हरी लाइट सामान्य तरीके से चलती रहती है. ऐसे चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल के सभी नियम पूरी तरह लागू रहते हैं. लाल बत्ती होने पर वाहन को रुकना होगा, पीली बत्ती पर गति कम कर सावधानी बरतनी होगी और हरी बत्ती होने पर ही चौराहा पार करना चाहिए. रात में सड़क खाली होने के बावजूद रेड लाइट जंप करना नियमों का उल्लंघन है.
ITMS कैमरों से रिकॉर्ड हो सकता है ट्रैफिक उल्लंघन
रात के समय ट्रैफिक कम देखकर तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहती है. चौराहों और प्रमुख सड़कों पर लगे ITMS कैमरों के जरिए रेड लाइट जंप करने समेत कई तरह के यातायात उल्लंघन रिकॉर्ड किए जा सकते हैं. इसके अलावा कई स्थानों पर स्पीड कैमरे भी लगाए गए हैं. यदि कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलता है तो कैमरे के जरिए चालान की कार्रवाई की जा सकती है.
सड़क खाली हो तो भी तेज रफ्तार से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात में सड़क खाली देखकर वाहन की रफ्तार न बढ़ाएं. चौराहा पार करते समय स्पीड कम रखें और चारों तरफ देखकर ही आगे बढ़ें. हेलमेट, सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का भी पालन करें.
येलो लाइट ब्लिंक का मतलब नियम खत्म होना नहीं
यातायात पुलिस का कहना है कि सिग्नल बंद या येलो लाइट ब्लिंक होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि यातायात नियम खत्म हो गए. सड़क पर आपकी सुरक्षा के साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा भी आपकी जिम्मेदारी है.
