Last Updated:
Independence day 2026: भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. ऐसे में यूपी के एक जिले में डीएम साहब ने साफ साफ निर्देश दिए हैं कि स्कूलों की कोई छुट्टी नहीं है. सभी स्कूल खोले जाएंगे. मगर उन्होंने ऐसा निर्देश क्यों दिया? और किस जिले का मामला है… आइए जानते हैं.
गाजियाबाद में खुलेंगे सभी स्कूल. (एआई तस्वीर)
गाजियाबाद : 15 अगस्त का दिन हर भारतवासी के लिए बहुत खास होता है. इसी दिन हम लोगों ने गुलामी की जंजीरों को तोड़कर आजादी को गले लगाया था. इस दिन लाल किले की प्राचीर से देश के प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करते हैं और लोग भी अपने घरों, दफ्तरों आदि जगहों पर ध्वजारोहण करते हैं. वहीं, इस बार यूपी के गाजियाबाद जिले में जिलाधिकारी ने साफ-साफ निर्देश दिए हैं कि कोई भी स्कूल 15 अगस्त को बंद नहीं रहेगा. कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय खोले जाएंगे.
गाजियाबाद के डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने आदेश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को गाजियाबाद में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय खुलेंगे. किसी भी बच्चे या टीचर की कोई छुट्टी नहीं है. सभी को आना होगा. हालांकि, पढ़ाई करवाई जाएगी ऐसा कोई उन्होंने आदेश नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में वंदे मातरम, राष्ट्रगान और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे.
उन्होंने हर स्कूल में एक पेड़ देश के नाम अभियान के तहत पौधारोपण के निर्देश भी दिए. उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. स्वतंत्रता संग्राम और युद्धों में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित करने के निर्देश भी हैं. इन लोगों को बुलाकर हमें सम्मान करना चाहिए. साथ ही अगर कोई स्कूल बंद मिला तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
बता दें, 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश शासन से आजादी मिलने के बाद पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंग जाता है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडा फहराने के अलावा देश के कई हिस्सों में कार्यक्रमों का आयोजन होता है. इनमें मंच संचालन के लिए तैयारी पहले से ही की जाती है. कार्यक्रम चाहे स्कूल में हो, कॉलेज में, ऑफिस में या फिर किसी भी सार्वजनिक जगह पर हो सभी तैयारी पहले ही कर ली जाती है.
About the Author
Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें
