Noida News : 2 साल से बंद पड़ी नोएडा की चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज, शूटर दादी की नातिन बोली- ये ठीक नहीं

Last Updated:

Chandro Tomar Shooting Range : नोएडा स्टेडियम में बनाई गई चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज के लंबे समय से बंद होने का मामला सामने आया है. शूटर दादी चंद्रो तोमर की नातिन शेफाली तोमर ने इस मुद्दे को जब सोशल मीडिया पर उठाया, तब लोगों की नजर इस पर गई. करीब 14 करोड़ रुपये से बनाई गई शूटिंग रेंज पिछले दो साल से बंद पड़ी है. शेफाली ने कहा कि उनकी दादी ने देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई. उनके नाम पर बनी शूटिंग रेंज का ये हाल चिंता पैदा करती है. शेफाली के मुताबिक, ऐसे समय में जब खेलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रोत्साहित करने की जरूरत है, करोड़ों रुपये की लागत से तैयार खेल सुविधा का उपयोग नहीं होना सवाल खड़े करता है.

नोएडा. यूपी के नोएडा प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-21 स्थित नोएडा स्टेडियम में बनाई गई चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज के लंबे समय से बंद होने का मामला सामने आया है. अंतरराष्ट्रीय शूटर और शूटर दादी चंद्रो तोमर की नातिन शेफाली तोमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शूटिंग रेंज को दोबारा शुरू कराने की अपील की है. शेफाली तोमर ने आरोप लगाया कि करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई शूटिंग रेंज पिछले दो साल से अधिक समय से बंद पड़ी है, जिसके कारण यहां प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जिस रेंज का नाम उनकी दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखा गया था, उसका इस तरह बंद रहना हजारों स्पोर्ट्स छात्रों को और उनके परिवार के लिए भी चिंता की बात है.

मनमानी का नतीजा

शेफाली तोमर ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शूटिंग रेंज के बंद रहने से युवा खिलाड़ियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है. प्राधिकरण की मनमानी और लापरवाही की वजह से हजारों खिलाड़ियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है. खिलाड़ियों के लिए बनाए गए ऐसे खेल परिसरों का उद्देश्य उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है, लेकिन यदि करोड़ों रुपये खर्च करके तैयार की गई सुविधा ही लंबे समय तक बंद रहेगी तो खिलाड़ियों को इसका लाभ कैसे मिलेगा. शेफाली ने कहा कि उनकी दादी चंद्रो तोमर ने देश और दुनिया में शूटिंग के क्षेत्र में पहचान बनाई थी और उनके नाम पर बनी शूटिंग रेंज का बंद रहना उनके सम्मान से भी जुड़ा विषय है.

सीएम योगी से क्या अपील

शेफाली तोमर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हस्तक्षेप की अपील की है. उन्होंने मांग की कि चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज को जल्द से जल्द दोबारा शुरू कराया जाए, ताकि यहां आने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके. शेफाली कहना है कि शूटिंग जैसे खेल में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है. लंबे समय तक शूटिंग रेंज बंद रहने से खिलाड़ियों की तैयारी प्रभावित हो सकती है और उन्हें दूसरे स्थानों पर प्रशिक्षण के लिए जाना पड़ सकता है. खासतौर पर ऐसे समय में जब खेलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रोत्साहित करने की जरूरत है, करोड़ों रुपये की लागत से तैयार खेल सुविधा का उपयोग नहीं होना सवाल खड़े करता है.

2021 में दादी का निधन

शूटर दादी चंद्रो तोमर का कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान 30 अप्रैल 2021 को निधन हुआ था. इसके बाद उनके सम्मान में नोएडा स्टेडियम की शूटिंग रेंज का नाम उनके नाम पर रखा गया था. अब उनकी नातिन की ओर से शूटिंग रेंज को दोबारा शुरू कराने की मांग उठाए जाने के बाद यह मामला चर्चा में है.

About the Author

Priyanshu Gupta

प्रियांशु गुप्‍ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *