Last Updated:
IMD Aaj Ka Mausam: देश के कश्मीर से अंडमान-निकोबार तक मानसून मजबूती के साथ एक्टिव है. बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने के चलते पूर्वोत्तर भारत के साथ ही बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 22 अगस्त 2026 के लिए अलर्ट भी जारी किया है.
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार 22 अगस्त 2026 को सुबह-सुबह हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई. (फाइल फोटो)
IMD Aaj Ka Mausam: अल नीनो के एक्टिव होने के पूर्वानुमान के बीच भारत के विभिन्न हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है. बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम एक्टिव होने की वजह से मानसून को और मजबूती मिली है. नॉर्थईस्ट के साथ ही पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के लिए मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में पहले से ही अलग वेदर सिस्टम की वजह से मूसलाधार बारिश हो रही है. 22 अगस्त 2026 शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस पूरे इलाके लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. उच्च पर्वतीय राज्यों में लगातार हो रही बारिश की वजह से गंगा, यमुना समेत तमाम प्रमुख नदियां उफना गई हैं. इसका असर निचले इलाकों में देखने को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. वहीं, बिहार में भी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ के विकराल रूप धारण करने की आशंका बढ़ गई है.
देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है. IMD के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, मध्य भारत के अलावा उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. इसके विपरीत प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख 23 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 22 अगस्त तथा उत्तराखंड में 27 अगस्त तक बारिश का व्यापक दौर जारी रहने की संभावना है. 22 अगस्त को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 24 अगस्त के दौरान बारिश हो सकती है.
दिल्ली-यूपी में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी है. 22 अगस्त को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 22 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भारी बारिश के आसार हैं. उत्तराखंड में 27 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान उत्तराखंड में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
