Last Updated:
Delhi Police Beaten: अपराध को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती है, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस के कंधों पर होती है. लेकिन जब पुलिसवालों पर ही अटैक कर दिया जाए तो फिर क्या होगा. देश की राजधानी दिल्ली में ऐसा ही मामला सामने आया है.
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिस के जवानों की लाठी-डंडों से पिटाई करने का मामला सामने आया है.
Delhi Police Beaten: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस की कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने जवानों पर लाठी-डंडों से अटैक कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मिर्च पाउडर से भी जवानों पर अटैक किया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह से कानून-व्यवस्था को अपने हाथों में लेते हुए पुलिस के जवानों पर निर्ममता से लाठियां बरसा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, आउटर नॉर्थ जिले के भलस्वा डेयरी इलाके में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि मोटरसाइकिल को दस्तावेज नहीं होने के कारण पुलिस द्वारा जब्त किए जाने से नाराज कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका और ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला किया. पुलिस ने मौके से 17 साल के एक किशोर को पकड़ लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं.
दिल्ली पुलिस ने क्या बताया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे भलस्वा डेयरी थाने के बीट स्टाफ हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में गश्त कर रहे थे. चेकिंग के दौरान बिना वैध दस्तावेजों की एक मोटरसाइकिल मिली, जिसे नियमानुसार दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 66 के तहत थाने लाया गया. दोपहर बाद करीब 3.30 बजे पुलिसकर्मी दोबारा बीट पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल मालिक, उसके परिवार के सदस्य और कुछ अन्य लोग वहां आ गए. पुलिस के अनुसार, उन्होंने कार्रवाई का विरोध करते हुए हिंसक व्यवहार किया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. मदद के लिए पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू को भी आरोपियों ने निशाना बनाया.
पुलिस के 3 जवान घायल
हमले में तीन पुलिसकर्मियों को चोटें आईं. हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगी और उन्हें उपचार के लिए भेजा गया. उनकी हालत स्थिर बताई गई है. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक किशोर को मौके पर पकड़ लिया गया. भलस्वा डेयरी थाने में FIR नंबर 537/26 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बीसी है और उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस और गंभीर अपराधों से जुड़े दो मामले शामिल हैं. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
और पढ़ें
