Last Updated:
Ghaziabad News: रक्षाबंधन पर गाजियाबाद पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘ऑपरेशन डिकॉय’ शुरू किया है. इस ऑपरेशन के तहत महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में बाजारों, मॉल और स्कूल-कॉलेज के आसपास तैनात रहेंगी और छेड़छाड़ करने वालों पर तुरंत कार्रवाई करेंगी.
गाजियाबाद: रक्षाबंधन पर गाजियाबाद के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच मनचलों और शरारती तत्वों की अब खैर नहीं है. महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए गाजियाबाद पुलिस ने ऑपरेशन डिकॉय शुरू किया है. इस ऑपरेशन के तहत महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आम महिलाओं की तरह बाजारों, मॉल, बस अड्डों और स्कूल-कॉलेज के आसपास मौजूद रहेंगी. भीड़ के बीच तैनात ये महिला पुलिसकर्मी ऐसे मनचलों और शरारती तत्वों पर नजर रखेंगी जो महिलाओं या छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्रता या किसी तरह की हरकत करने की कोशिश करते हैं.
जैसे ही कोई संदिग्ध हरकत सामने आएगी सादे कपड़ों में मौजूद महिला पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय होकर कार्रवाई करेंगी. यानी त्योहार की भीड़ में पुलिस की नजर से बचकर महिलाओं को परेशान करने वालों के लिए अब छिपने की कोई जगह नहीं होगी. एसीपी महिला सुचिता सिंह के निर्देश में चलाए जा रहे ऑपरेशन डिकॉय के तहत गाजियाबाद के बाजारों, मॉल, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के साथ स्कूल-कॉलेज के बाहर भी महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया है. इन पुलिसकर्मियों की पहचान आम लोगों के बीच आसानी से नहीं हो सकेगी.
एंटी रोमियो स्क्वायड और मिशन शक्ति टीम शामिल
इन पुलिसकर्मियों का काम ऐसे मनचलों और शरारती तत्वों पर नजर रखना होगा, जो महिलाओं या छात्राओं को परेशान करते हैं या बिना किसी काम के स्कूल-कॉलेज और बाजारों के आसपास घूमते रहते हैं. ऑपरेशन डिकॉय में एंटी रोमियो स्क्वायड और मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है. सुबह और दोपहर के समय स्कूल-कॉलेज के बाहर भी इनकी विशेष निगरानी रहेगी. अगर कोई युवक छात्रा से छेड़छाड़ या अभद्रता करता मिला तो महिला पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ सकती हैं. पकड़े गए शरारती तत्वों को थाने ले जाकर पूछताछ और चेतावनी दी जा रही है.
सादे कपड़ों में रहेगी पुलिस
पुलिस ने साफ कर दिया है कि महिलाओं और छात्राओं के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में ऑपरेशन डिकॉय चलाया जा रहा है. महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात कर शरारती और अपराधी किस्म के लोगों पर नजर रखी जा रही है. इसका मकसद महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ ऐसे लोगों में पुलिस का खौफ पैदा करना है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं और छात्राओं को परेशान करने का मौका तलाशते हैं.
तीनों जोन में 100 से अधिक स्थान चिन्हित
रक्षाबंधन को देखते हुए गाजियाबाद के तीनों जोन में 100 से अधिक स्थान चिन्हित किए गए हैं. इन जगहों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी. बाजारों में डायल-112 और संबंधित थाने की पुलिस की मौजूदगी भी रहेगी, ताकि किसी महिला या छात्रा को जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद मिल सके. पुलिस का संदेश साफ है त्योहार की भीड़ में महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले मनचलों और शरारती तत्वों पर इस बार पुलिस की सीधी नजर है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें
