वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में भारतीय तीरंदाजों का जलवा, चौथे दिन झोली में आए दो गोल्ड मेडल

Last Updated:

विश्व सीरीज के समापन से एक दिन पहले भारतीय पैरा तीरंदाजों ने दमदार खेल दिखाते हुए 2 गोल्ड मेडल अपने नाम किए. इस तरह प्रतियोगिता में भारत के पैरा तीरंदाजों ने कुल 5 मेजल अपने नाम किए. इसमें दो गोल्ड के अलावा दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है.

वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में भारतीय तीरंदाज

अहमदाबाद: भारतीय तीरंदाजों ने पैरा तीरंदाजी विश्व सीरीज के समापन से एक दिन पहले शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज अपने नाम किए. पुरुषों की कंपाउंड और रिकर्व टीमों ने गोल्ड मेडल जीते, जबकि स्वाति चौधरी ने एक ही दिन में दो मेडल हासिल किए. मौजूदा विश्व चैंपियन तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी की पुरुष कंपाउंड जोड़ी ने इराक को 152-139 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. वहीं, दो बार के पैरालंपिक मेडल विजेता हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की रिकर्व जोड़ी ने स्लोवाकिया को 6-2 से पराजित कर शीर्ष स्थान हासिल किया.

महिला रिकर्व टीम में भावना और पूजा को रजत मेडल से संतोष करना पड़ा. भारतीय जोड़ी को फाइनल में चीन के हाथों 0-6 (23-34, 33-35, 30-31) से हार मिली. स्वाति चौधरी और आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी ने मिश्रित टीम डब्ल्यू-1 (रिकर्व/कंपाउंड) स्पर्धा में रजत मेडल जीता. स्वाति ने इसके बाद दोपहर के सत्र में व्यक्तिगत डब्ल्यू-1 वर्ग में कांस्य मेडल भी अपने नाम किया. उन्होंने व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) के झंडे के तहत खेल रही रूस की एलेना क्रुतोवा को 6-2 से हराया. इस तरह स्वाति ने एक ही दिन में रजत और कांस्य, दोनों मेडल हासिल किए.

स्वामी और तोमन ने फाइनल में किया कमाल

स्वामी और तोमन ने पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में इराक के अब्बास कादिम और अनवर अलदावोद को हराकर गोल्ड मेडल जीता. भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद जल्द ही लय हासिल कर ली और फिर उसे जीत दर्ज करने में कोई परेशानी नहीं हुई. हरविंदर और सुंडी ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्लोवाकिया के डेविड इवान और डेनिस इवान को 6-2 (34-37, 36-31, 38-34, 35-31) से हराया.

महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में भी भारत कांस्य मेडल से चूक गया. शीतल देवी और पायल नाग तीसरे स्थान के प्लेऑफ में चीन की वांग हुईटिंग और गाओ फांग्शिया की जोड़ी से हार गईं. चीन की तीरंदाजों ने यह मुकाबला 6-0 (34-23, 35-33, 31-30) से जीतकर कांस्य मेडल अपने नाम किया. स्वाति और आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी को मिश्रित टीम डब्ल्यू-1 (रिकर्व/कंपाउंड) के फाइनल में चेक गणराज्य की शार्का पुल्तार मुसिलोवा और डेविड द्राहोनिंस्की के हाथों 1-5 (31-38, 33-37, 33-33) से हार का सामना करना पड़ा.

About the Author

Jitendra Kumar

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *