दिल्ली के इन 3 बॉर्डर पर दिखेगा कुछ खास, कहीं शेर तो कहीं नाव बनेगी पहचान

Last Updated:

दिल्ली में आने वाले लोगों को अब बॉर्डर पर ही राजधानी की नई झलक देखने को मिलेगी. नोएडा-मयूर विहार, अप्सरा और लोनी बॉर्डर पर खास गेटवे बनाए जाएंगे. कहीं ‘मेक इन इंडिया’ का शेर दिखेगा तो कहीं नाव जैसी बड़ी संरचना नजर आएगी. करीब ₹30 करोड़ की इस परियोजना को 8 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

दिलशाद गार्डन-अप्सरा बॉर्डर पर बनने वाला गेटवे ‘मेक इन इंडिया’ थीम पर होगा.

दिल्ली में दूसरे शहरों और राज्यों से आने वाले लोगों को अब राजधानी की सीमा पर एक नया नजारा देखने को मिलेगा. दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम ने शहर के 3 प्रमुख एंट्री पॉइंट पर खास गेटवे बनाने का प्रस्ताव रखा है. इनमें नोएडा-मयूर विहार, दिलशाद गार्डन-अप्सरा और लोनी बॉर्डर शामिल हैं. इन गेटवे को सिर्फ आने-जाने का रास्ता दिखाने के लिए नहीं बनाया जाएगा, बल्कि इनका डिजाइन भी खास होगा. तीनों जगहों पर अलग-अलग थीम के हिसाब से ढांचा तैयार किया जाएगा और अच्छी लाइटिंग के जरिए इन्हें और आकर्षक बनाया जाएगा.

नोएडा-मयूर विहार बॉर्डर पर सड़क के ऊपर ‘एम’ आकार का बड़ा मेहराब बनाया जाएगा. इस पर ‘दिल्ली में आपका स्वागत है’ लिखा होगा. गेटवे में अर्द्ध गोलाकार मेहराब के साथ डिजाइन वाले पैनल भी लगाए जाएंगे. यह दिल्ली का काफी व्यस्त एंट्री पॉइंट है, इसलिए यहां खास लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी. यानी नोएडा की तरफ से दिल्ली में आते ही लोगों को एक अलग तरह का एंट्री गेट दिखाई देगा.

अप्सरा बॉर्डर पर दिखेगा मेक इन इंडिया का शेर

दिलशाद गार्डन-अप्सरा बॉर्डर पर बनने वाला गेटवे ‘मेक इन इंडिया’ थीम पर होगा. यहां ‘मेक इन इंडिया’ के शेर के प्रतीक को एक बड़ी प्रतिमा के रूप में लगाया जाएगा. इस गेटवे के जरिए दिल्ली में आने वाले लोगों को देश की आधुनिक और औद्योगिक पहचान से जोड़ने की कोशिश की जाएगी.

लोनी में नाव जैसी बड़ी संरचना

लोनी बॉर्डर पर गेटवे का डिजाइन थोड़ा अलग होगा. यहां एक बड़ी नाव जैसी संरचना बनाई जाएगी, जो नदियों की याद दिलाएगी. लोनी गंगा-यमुना दोआब के इलाके में आता है. इसी वजह से यहां के गेटवे के डिजाइन में पानी और नदियों से जुड़ी थीम को जगह दी गई है.

30 करोड़ रुपये खर्च होंगे

तीनों गेटवे के निर्माण और आसपास के सौंदर्यीकरण पर करीब ₹30 करोड़ खर्च होने का अनुमान है. परियोजना को 8 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि इस पहल से दिल्ली की पहचान और शहर की छवि को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. इससे पहले चालू वित्त वर्ष के बजट में सरकार ने दिल्ली में 13 प्रवेश द्वार और गोल चक्कर बनाने का प्रस्ताव रखा था. इसके लिए करीब ₹300 करोड़ का प्रावधान किया गया था.

About the Author

जय ठाकुरSenior-Sub Editor

मैं जय ठाकुर, न्यूज18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहा हूं. मेरा मुख्य काम बिजनेस की पेचीदा खबरों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. फिर चाहे वह शेयर बाजार की हलचल हो,…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *