बिरयानी और कबाब के हैं शौकीन, तो ये हैं दिल्ली में टॉप 5 ठिकाने, स्वाद के साथ जानिए कितना आएगा खर्च

नई दिल्लीः दिल्ली घूमने आएं और यहां के खाने का स्वाद न लें, तो सफर कुछ अधूरा सा लगता है. राजधानी में स्ट्रीट फूड से लेकर बड़े रेस्टोरेंट तक, खाने के शौकीनों के लिए कई ऑप्शन मौजूद हैं. लेकिन जब बात बिरयानी और कबाब की आती है, तो दिल्ली का नाम देश के सबसे खास फूड डेस्टिनेशन में लिया जाता है. यहां कहीं दम पर पकती बिरयानी की खुशबू लोगों को खींच लाती है, तो कहीं सीक और शमी कबाब का स्वाद खाने के शौकीनों को बार-बार पहुंचा देता है. अगर आप भी बिरयानी और कबाब के दीवाने हैं, तो दिल्ली की इन 5 जगहों को जरूर जानिए.

जामा मस्जिद की गलियां
पुरानी दिल्ली का जामा मस्जिद इलाका बिरयानी और कबाब के लिए सबसे चर्चित जगहों में शामिल है. यहां की गलियों में आपको कई छोटी-बड़ी खाने की दुकानें मिल जाएंगी, जहां चिकन बिरयानी, मटन बिरयानी, सीक कबाब, शमी कबाब और चिकन टिक्का जैसे ऑप्शन मिलते हैं. इस इलाके की खासियत है यहां का देसी मुगलई स्वाद. बिरयानी में मसालों की खुशबू, लंबे चावल और मीट का स्वाद एक साथ मिलता है. वहीं कबाब को रुमाली रोटी, प्याज और चटनी के साथ खाना अपने आप में एक अलग अनुभव है.बात करें प्राइस की तो वो यहां एक व्यक्ति के लिए बिरयानी और कबाब का खाना करीब 250 से 500 रुपये तक आराम से हो जाता है.

क़ुरैशी कबाब कॉर्नर, दरियागंज
अगर आपको बिरयानी से ज्यादा कबाब पसंद हैं, तो दरियागंज का क़ुरैशी कबाब कॉर्नर एक जाना-पहचाना नाम है. यहां मुगलई अंदाज में तैयार किए गए कबाब लोगों को खास तौर पर पसंद आते हैं.यहां के सीक कबाब, शमी कबाब और दूसरे कबाब आइटम रोटी और चटनी के साथ खाए जाते हैं। कबाब का मसालेदार स्वाद और ग्रिल्ड खुशबू इसे बाकी जगहों से अलग बनाती है. एक व्यक्ति के लिए कबाब और रोटी का खाना करीब 200 से 400 रुपये तक हो सकता है.

निजाम्स, कनॉट प्लेस
कनॉट प्लेस में अगर आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट भी हो और बहुत भारी भी न लगे, तो निजाम्स का नाम सामने आता है. यहां काठी कबाब रोल काफी पसंद किए जाते हैं.कबाब को रोटी में लपेटकर प्याज और चटनी के साथ परोसा जाता है. यह उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो बैठकर पूरा खाना खाने के बजाय चलते-फिरते कुछ स्वादिष्ट खाना चाहते हैं.एक रोल की कीमत करीब 200 से 350 रुपये तक होती है.

बिरयानी बाय किलो, कनॉट प्लेस
अगर आपका फोकस सिर्फ बिरयानी पर है, तो कनॉट प्लेस स्थित बिरयानी बाय किलो भी एक मस्त जगह है. यहां चिकन और मटन समेत अलग-अलग तरह की बिरयानी मिलती है.यहां बिरयानी को दम स्टाइल में तैयार किया जाता है, जिससे चावल में मसालों और मीट का स्वाद अच्छी तरह घुल जाता है. दोस्तों या परिवार के साथ बिरयानी साझा करने के लिए भी यह जगह पसंद की जाती है.

अलकौसर मुगलई फूड, चाणक्यपुरी
चाणक्यपुरी के बापू धाम मार्केट में स्थित अलकौसर मुगलई फूड भी मुगलई खाने के लिए जाना जाता है. यहां बिरयानी के साथ कबाब, चिकन और दूसरे नॉन-वेज व्यंजन मिलते हैं.यह जगह उन लोगों के लिए अच्छी हो सकती है जो बहुत महंगे रेस्टोरेंट के बजाय सामान्य माहौल में भरपेट मुगलई खाना चाहते हैं. बिरयानी के साथ कबाब या ग्रेवी वाला आइटम मंगाकर पूरा भोजन किया जा सकता है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *