जेवर टाउनशिप : सेक्टर 17, 18, 20- 22 में 11513 से लेकर 50600 वर्ग मीटर के प्लॉट, सोसाइटी बसानी हैं तो तुरंत करें अप्लाई

नोएडा : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद यमुना सिटी में जमीन की मांग तेजी से बढ़ रही है. इसी को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने ग्रुप हाउसिंग और होटल के लिए दो नई प्लॉट स्कीम लॉन्च की हैं. अगर आप नोएडा एयरपोर्ट के आसपास सोसाइटी बसाने या होटल बनाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है.

दरअसल, प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग और होटल के लिए अलग-अलग प्लॉट स्कीम लॉन्च की है. यानी आने वाले समय में एयरपोर्ट के आसपास नई सोसाइटी, होटल और दूसरी सुविधाएं विकसित होती दिखाई दे सकती हैं. यीडा के अधिकारियों के मुताबिक, ग्रुप हाउसिंग के लिए कुल 10 प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं. ये प्लॉट सेक्टर-17, 18, 20 और 22D में हैं. इनका आकार करीब 11,513 वर्ग मीटर से लेकर 50,600 वर्ग मीटर तक है.

कहां-कहां मिलेंगे ग्रुप हाउसिंग के प्लॉट?

  • सेक्टर-17 में कुल चार प्लॉट हैं. इनमें एक प्लॉट 12141 वर्ग मीटर, एक 20335 वर्ग मीटर और दो प्लॉट 11513-11513 वर्ग मीटर के हैं.
  • सेक्टर-18 में 20720 वर्ग मीटर का एक प्लॉट है.
  • सेक्टर-20 में 25000 वर्ग मीटर का एक प्लॉट रखा गया है.
  • सेक्टर-22D में चार प्लॉट हैं. इनमें एक 27925 वर्ग मीटर, दो 45700-45700 वर्ग मीटर और सबसे बड़ा प्लॉट 50600 वर्ग मीटर का है.

कितनी है कीमत?

ग्रुप हाउसिंग प्लॉट के लिए 52,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर तय की गई है. इस हिसाब से 50,600 वर्ग मीटर के सबसे बड़े प्लॉट की रिजर्व कीमत करीब 265 करोड़ रुपये है. आवेदन करने वालों को हर प्लॉट के लिए 5 लाख रुपये प्रोसेसिंग फीस देनी होगी. इसके अलावा कुल कीमत का 10 फीसदी अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा करना होगा.

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

ग्रुप हाउसिंग प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो गई है. आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 26 अक्टूबर शाम 5 बजे है. योग्य आवेदकों के नाम 16 नवंबर को जारी किए जाएंगे. इसके बाद प्लॉट का आवंटन 18 नवंबर को सुबह 11 बजे से ई-ऑक्शन के जरिए किया जाएगा.

होटल के लिए स्कीम

YEIDA ने एयरपोर्ट के आसपास होटल बनाने के लिए भी 10 प्लॉट की अलग स्कीम लॉन्च की है. इनमें छह प्लॉट सेक्टर-29 और चार प्लॉट सेक्टर-28 में हैं. इन प्लॉट का आकार 3,100 वर्ग मीटर से 10,000 वर्ग मीटर तक है. इनकी रिजर्व कीमत 87,010 रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है. यानी 10,000 वर्ग मीटर के प्लॉट की रिजर्व कीमत करीब 91 करोड़ रुपये होगी. होटल प्लॉट के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 24 अक्टूबर है. योग्य आवेदकों के नाम 2 नवंबर को जारी होंगे और 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से ई-ऑक्शन होगा.

पैसे देने का क्या नियम है?

प्लॉट मिलने के बाद आवंटी को कुल प्रीमियम का 40 फीसदी पैसा 60 दिनों के अंदर जमा करना होगा. इसमें पहले जमा की गई ईएमडी राशि को समायोजित किया जाएगा. बाकी 60 फीसदी रकम दो साल में चार छमाही किस्तों में जमा करनी होगी. इसके अलावा कॉर्नर प्लॉट, ग्रीन बेल्ट की ओर खुलने वाले प्लॉट और 45 मीटर या उससे ज्यादा चौड़ी सड़क की ओर वाले प्लॉट पर 5-5 फीसदी अतिरिक्त चार्ज लगेगा.

एयरपोर्ट के पास होटल की ऊंचाई कितनी होगी?

यीडा के मुताबिक, होटल प्लॉट का आवंटन 90 साल की लीज पर किया जाएगा. सामान्य बिल्डिंग नियमों में होटल की ऊंचाई पर कोई तय सीमा नहीं है, लेकिन सेक्टर-28 और 29 नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हैं. इसलिए एयरपोर्ट से जुड़े नियमों के कारण यहां बिल्डिंग की अनुमत ऊंचाई करीब 29 मीटर होगी.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *