Last Updated:
दक्षिण दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में मंगलवार दोपहर एक बुजुर्ग ने शराब के नशे में पुलिस को फोन कर घर गिरने की सूचना दे दी. करीब 3 बजे मिली कॉल के बाद पुलिस के साथ दमकल, कैट्स एंबुलेंस, NDRF और MCD की टीमें मौके पर पहुंचीं. टीमों ने जब बिल्डिंग की जांच की तो मकान पूरी तरह सुरक्षित मिला. बताया गया कि प्रॉपर्टी दो भाइयों की है, जिसमें एक मकान करीब 34 साल और दूसरा करीब 10 साल पुराना है. कॉल करने वाला बुजुर्ग नशे में था और घर के अंदर जाने को भी तैयार नहीं था. बाद में उसने पुलिस से माफी मांगी. पुलिस ने हिदायत देकर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की.
मैदान गढ़ी में घर गिरने की कॉल के बाद दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड सहित सहित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. (एआई इमेज)
Delhi News: यह बात 29 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे की है. लगातार आ रही पीसीआर कॉल से पूरा कंट्रोल रूम फोन की घंटियों से गूंज रहा था. तभी दिल्ली पुलिस की एक टेलीकॉलर ने कुछ ऐसा सुना, जिसने उसके चेहरे के भाव बेहद सख्त कर दिए थे. सामने वाले ने कांपती आवाज में कहा कि बिल्डिंग गिर रही है… बोलने के अंदाज और कांपती आवाज से यह साफ था कि यह कॉल किसी बुजुर्ग व्यक्ति ने की है, लिहाजा शक की कोई गुंजाइश नहीं था. टेलीकॉलर ने फौरन एसओपी का पालन करते हुए जरूरी डिटेल ली और रेस्क्यू से जुड़ी सभी एजेंसीज को अलर्ट कर दिया.
देखते ही देखते दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन और स्थानीय पुलिस के साथ दमकल विभाग, कैट्स एंबुलेंस, एनडीआरएफ संग एमसीडी की टीमें बताई गई लोकेशन की तरफ दौड़ पड़ी. कुछ ही मिनटों के बाद सभी विभागों की टीम मौके पर पहुंच चुकीं थीं. लेकिन, वहां जो नजारा था, उसने सभी को हैरानी में डाल दिया था. दरअसल, जिस बिल्डिंग को लेकर पीसीआर कॉल की गई थी, वह पूरी तरह से सुरक्षित स्थिति में खड़ी थी. एहतियातन, पूरी इमारत का मुआयना किया गया, लेकिन वहां ऐसा सुरक्षित मिला. एक बुजुर्ग शख्स की ऐसी हरकत के बाद तमाम टीमें अपने दांत किटकिटा कर रह गईं.
इसके बाद, शुरू हुआ उस बुजुर्ग शख्स की तलाश का सिलसिला. कुछ ही देर की कवायद के बाद पुलिस ने उस बुजुर्ग शख्स को खोज निकाला. उस शख्स की पहचान नरेंद्र कुमार के तौर पर हुई है. जिस समय पुलिस उस बुजुर्ग शख्स के पास पहुंची, वह शराब के नशे में था. हालात उस वक्त और अजीब हो गए, जब वह खुद घर के अंदर जाने के लिए भी तैयार नहीं था. इसके बाद, पुलिस ने आरोपी की उम्र को देखते हुए उसको चेतावनी देकर छोड़ दिया है.
दो भाइयों की है प्रॉपर्टी था यह 34 पुराना मकान
पूछताछ में पता चला कि जिस प्रॉपर्टी को लेकर यह पूरा ड्रामा हुआ, वह दो भाइयों की है. प्रॉपर्टी में दो मकान हैं. इनमें से एक मकान करीब 34 साल पुराना है, जबकि दूसरा मकान करीब 10 साल पुराना बताया गया है. इसी प्रॉपर्टी के एक हिस्से से जुड़े बुजुर्ग ने शराब के नशे में पुलिस को फोन कर दिया और मकान गिरने की बात कह दी.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें
