गाजियाबाद: राजेंद्र नगर के कैफे में बच्चे का बर्थडे मना रहे परिवार पर हमला, महिला से बदसलूकी और पति को पीटा

Last Updated:

Ghaziabad News: गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित कैफे में बच्चे का जन्मदिन मना रहे परिवार पर मनचलों ने हमला कर दिया. लड़कियों पर फब्तियां कसने का विरोध करने पर दबंगों ने स्टाफ और परिवार से मारपीट की. पीड़िता ने कपड़े फाड़ने, पति को पीटने और चौकी में सुनवाई न होने का आरोप लगाया है.

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित एक कैफे में परिवार के साथ बच्चे का जन्मदिन मनाने गई एक महिला और उसके परिजनों के साथ कुछ उपद्रवी युवकों ने जमकर मारपीट और अभद्रता की. पीड़िता ने न केवल आरोपियों द्वारा कपड़े फाड़ने के प्रयास और पति को पीटने का आरोप लगाया है, बल्कि यह भी कहा है कि पुलिस चौकी में महिला पुलिसकर्मी की गैरमौजूदगी के चलते उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं सुना गया. डरे-सहमे परिवार ने अब पुलिस के उच्चाधिकारियों से आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की गुहार लगाई है.

कैफे स्टाफ से बातचीत कराने का दबाव, विरोध पर मारपीट
साहिबाबाद थाना क्षेत्र के करहैड़ा निवासी नितिका चौहान ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ राजेंद्र नगर के एक कैफे में बच्चे का जन्मदिन मनाने पहुंची थीं. पार्टी के दौरान ही एक अज्ञात युवक कैफे के भीतर दाखिल हुआ. आरोप है कि वह युवक वहां मौजूद लड़कियों को देखकर अभद्र टिप्पणियां करने लगा और कैफे के स्टाफ पर उनसे बातचीत कराने का दबाव बनाने लगा.

इस अशोभनीय व्यवहार को देखते हुए कैफे कर्मचारी अभय ने युवक को टोका और कहा कि अंदर परिवार बैठा हुआ है, इसलिए वह ऐसी हरकतें तुरंत बंद करे. इस बात से नाराज होकर युवक ने अभय के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.

साथियों को बुलाकर कैफे में मचाया तांडव
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. आरोपी युवक ने तुरंत फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में कई युवक कैफे के भीतर जबरन घुस आए और उन्होंने वहां उत्पात मचाते हुए कर्मचारी अभय को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. जब नितिका और उनके परिवार ने इस खुलेआम गुंडागर्दी का विरोध किया, तो उपद्रवियों ने पूरे परिवार को निशाना बना लिया.

महिला का गंभीर आरोप है कि उपद्रवियों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए कपड़े फाड़ने की कोशिश की और छोटे बच्चों के साथ भी बेहद दुर्व्यवहार किया गया. जब पीड़िता के पति बीच-बचाव करने और परिवार को बचाने आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा.

पुलिस चौकी पर सुनवाई न होने और दोबारा धमकाने का आरोप
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को राजेंद्र नगर चौकी ले गई. पीड़िता नितिका का यह भी कहना है कि चौकी से बाहर निकलने के बाद आरोपी पक्ष के लोग दोबारा वहां आ धमके. उन्होंने पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने का ताना मारते हुए पूरे परिवार को खुलेआम धमकाया. इस घटना के बाद से घर के बच्चे और महिलाएं गहरे सदमे और दहशत में हैं. पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

About the Author

Rahul Goel

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *