Last Updated:
आपने देखा होगा कि कुछ लोगों के दांत आगे की तरफ निकले हुए दिखते हैं. जानकारी के अभाव में लोग इस दिक्कत के साथ जीते रहते हैं जबकि, इस समस्या को आसानी से ठीक कराया जा सकता है. पूर्वी चम्पारण के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉक्टर श्रीकांत ने दांत बाहर आने की समस्या का कारण और बचाव भी बताया है.
पूर्वी चंपारण: कई बार जानकारी के अभाव में ऐसी शारीरिक दिक्कतें हो जाती हैं जो जीवनभर का दर्द दे जाती हैं. बाद में उस दिक्कत में सुधार की संभावना बहुत कम रह जाती है. इससे सिर्फ पछताने के अलावा कोई उपाय नहीं रह जाता. ऐसी ही एक एक चीज कई लोगों में देखने को मिलती है कि उनके दांत ऊपर नीचे आते हैं या फिर दांत बाहर की तरफ निकले हुए रहते हैं. ये चेहरे के लुक को बदल देता है. हालांकि, अगर समय रहते इस पर ध्यान दे दिया जाए तो इस स्थिति से बचा भी जा सकता है. इस बारे में अधिक जानकारी पूर्वी चम्पारण के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉक्टर श्रीकांत ने दी.
डॉक्टर श्रीकांत ने बताया कि लोगों के दांतों के ऊपर-नीचे होने और आगे की तरफ बढ़े होने की समस्या की अलग-अलग वजह होती है. किसी को अंगूठा चूसने की आदत होती है इससे उनके दांत बाहर आने लगते हैं. कुछ बच्चों में मुंह खोलकर सोने की वजह से भी उनके दांत बाहर आने की समस्या हो जाती है. डॉक्टर श्रीकांत के अनुसार बचपन में बहुत से बच्चों को अंगूठा चूसने की आदत होती है जिससे उनके दांत बाहर आने लगते हैं.
डॉक्टर ने आगे बताया कि बहुत से लोग बच्चों को बोतल से दूध पिलाते हैं. इस दौरान कुछ लोगों की असावधानी के कारण बच्चे बोतल मुंह में डाले हुए ही सो जाते हैं. जिससे दांत बाहर आने के चांसेज बढ़ जाते हैं. डॉक्टर श्रीकांत का कहना है कि कभी-कभी आनुवंशिक गुणों के कारण भी दांत बाहर आ जाते हैं. कारण चाहे जो हो इस स्थिति में समय पर इलाज बेहद जरूरी है.
डॉक्टर श्रीकांत के अनुसार इस स्थिति में 10 से 15 वर्ष की आयु में इलाज करा लेना चाहिए क्यूंकि इस समय आसानी से इलाज किया जा सकता है. डॉक्टर श्रीकांत दांतों के बाहर आने का एक और कारण भी बताते हैं. उनके अनुसार कभी-कभी बच्चों का दूध का दांत समय पर नहीं गिरता है. इस वजह से परमानेंट टीथ को जहां जगह मिलती है वह वहीं से बाहर आने लगता है जो देखने में भी थोड़ा अलग या अजीब लगता है. उनके अनुसार इस स्थिति में तुरंत डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए और समय पर इलाज कराना चाहिए. डॉक्टर श्रीकांत बताते हैं कि उनकी क्लीनिक पर बहुत से लोग शादी टूटने या रिश्ते की बात होते समय आते हैं. इस स्थिति तक काफी समय पहले ही बीत चुका होता है जिससे इसका इलाज थोड़ा मुश्किल होता है. यही वजह है कि डॉक्टर श्रीकांत का कहना है कि अगर समय रहते ही महसूस हो जाता है कि दांत बाहर की तरफ आ रहे हैं तो समय रहते ही उनका इलाज करा लें.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…
और पढ़ें
