'अनकैप्ड' विकेटकीपर कुमार कुशाग्र की टीम इंडिया में एंट्री, चोटिल ईशान किशन के र‍िप्‍लेसमेंट का ऐलान

Last Updated:

Kumar Kushagra Added To India T20I Squad: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन दाएं पैर की मांसपेशियों में चोट के कारण मैच से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह युवा ‘अनकैप्ड’ विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में बतौर कवर शामिल किया गया है. कुशाग्र इंड‍िया ‘ए’ टीम के साथ क्राइस्टचर्च में थे. कुशाग्र पहली बार टीम इंड‍िया में शामिल हुए है. बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने वैभव सूर्यवंशी के भी प्लेइंग इलेवन में वापसी के संकेत दिए हैं.

कुमार कुशाग्र को पहली बार टीम इंड‍िया में मौका.

नई द‍िल्‍ली. भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से ठीक पहले एक बड़ा बदलाव करना पड़ा है. टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन चोटिल होने के कारण आगामी मैच से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह युवा और प्रतिभाशाली ‘अनकैप्ड’ विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में बतौर कवर शामिल किया गया है. बीसीसीआई ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि किशन को सीरीज के पहले मैच के दौरान दाएं पैर की मांसपेशियों में हल्की चोट लग गई थी.

बीसीसीआई (BCCI) की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) के दाएं पैर की मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी. इस कारण वह शनिवार को खेले जाने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाएंगे.’ बोर्ड ने आगे जानकारी दी कि पुरुष चयन समिति ने स्थिति को देखते हुए तुरंत फैसला लेते हुए कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) को टीम के साथ जुड़ने का निर्देश दिया है. बयान के अनुसार, ‘कुशाग्र फिलहाल भारत ‘ए’ टीम के साथ क्राइस्टचर्च में मौजूद हैं और वह दूसरे टी20 मैच के लिए भारतीय टीम से जुड़ेंगे. बीसीसीआई की चिकित्सा टीम ईशान किशन की चोट पर लगातार बारीकी से नजर रख रही है.’

कुमार कुशाग्र के लिए बड़ा मौका
यह पहली बार है जब कुमार कुशाग्र को भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में चुना गया है, जो उनके करियर का एक बड़ा मील का पत्थर है. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले युवा गुजरात टाइटंस के इस बल्लेबाज को इससे पहले वनडे सीरीज के चौथे और पांचवें मैच के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया गया था. कुशाग्र न्यूजीलैंड दौरे पर गई भारत ‘ए’ टीम का हिस्सा थे, जिसे शनिवार से लिंकन में न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट श्रृंखला खेलनी थी. हालांकि, सीनियर टीम में अचानक मिली इस प्रविष्टि के बाद उनका पूरा ध्यान अब अंतरराष्ट्रीय टी20 सेटअप पर केंद्रित हो गया है.

प्लेइंग इलेवन को लेकर रणनीतिक मंथन
यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या टीम प्रबंधन कुमार कुशाग्र को सीधे दूसरे टी20 मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में मौका देता है या नहीं. शुक्रवार को बात करते हुए भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने संकेत दिया था कि युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी शुरुआती एकादश (Playing 11) में वापसी की कतार में हैं. ऐसे में विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी संयोजन को लेकर टीम मैनेजमेंट कुछ अहम और कड़े फैसले ले सकता है.

दूसरे टी20 के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्‍तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (व‍िकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उप कप्‍तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, कुमार कुशाग्र (व‍िकेटकीपर).

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *