यूपी पीईटी के लिए सीएम योगी का फरमान, बाहर से आने वालों के ठहरने और बस-ट्रेन का हो पुख्ता इंतजाम

लखनऊ (UPSSSC PET 2026 Exam Guidelines). उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की सबसे बड़ी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा कल यानी 25 अक्टूबर से शुरू होगी. राज्यभर में होने वाली इस मेगा परीक्षा में करीब 37 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. 25 के बाद परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगी. उत्तर प्रदेश प्रशासन किसी भी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है. राजधानी लखनऊ में परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सरकार और पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है.

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इस परीक्षा की व्यवस्थाओं की कमान संभालते हुए अधिकारियों को बेहद सख्त निर्देश दिए हैं. सीएम का स्पष्ट कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा चाक-चौबंद होनी चाहिए. साथ ही दूर-दराज के जिलों से आने वालों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके लिए ठहरने की व्यवस्था से लेकर ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जानिए यूपी पीईटी 2026 के लिए प्रशासनिक स्तर पर क्या खास तैयारियां की गई हैं.

लखनऊ में सुरक्षा का चक्रव्यूह: 317 पुलिसकर्मी तैनात

राजधानी लखनऊ में यूपी पीईटी के लिए 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 1,14,912 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. यूपी पीईटी 2026 परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए 317 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. सुरक्षा ड्यूटी के तहत 45 सब-इंस्पेक्टर, 19 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 30 महिला कांस्टेबलों को केंद्रों की कमान सौंपी गई है. प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल के 92 जवानों को विशेष तौर पर लगाया गया है. हर केंद्र पर 1 सब-इंस्पेक्टर, 2 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 2 महिला कांस्टेबलों की तैनाती पक्की की गई है.

परीक्षा केंद्र के पास 200 मीटर के दायरे में सख्ती

नकल माफियाओं और सॉल्वर गैंग पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि के अंदर सभी साइबर कैफे, फोटोकॉपी की दुकानें और पीसीओ बंद रखे जाएंगे. साथ ही परीक्षा के दौरान आस-पास लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी. सभी एसीपी और थाना प्रभारी अपने-अपने इलाकों में लगातार गश्त करते रहेंगे. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर रहेगी.

दूर-दराज से आने वालों के लिए खास सुविधाएं

दूसरे जनपदों और जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी से बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन विभाग और रेलवे के साथ खास तालमेल बिठाया गया है. अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त बसों का संचालन किया जाएगा. बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक ठहरने के इंतजाम किए गए हैं. ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों का सर्वे कर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. इससे हर अभ्यर्थी समय पर अपने सेंटर तक पहुंच सकेगा.

गौतमबुद्धनगर में भी प्रशासनिक हलचल तेज

सिर्फ लखनऊ ही नहीं, बल्कि गौतमबुद्धनगर में भी परीक्षा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तर पर मंथन शुरू हो चुका है. अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर, सेंटर मैनेजर और पुलिस अधिकारी शामिल हुए. बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि आयोग के तय मानकों के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं. इससे परीक्षा के दिन किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा नहीं आएगी.

यूपी पीईटी परीक्षा कितने बजे होगी?

यूपी पीईटी 2026 परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 01 नवंबर को 2 पालियों में होगी- पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए समय से काफी पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं. साथ ही उत्तर प्रदेश प्रशासन की तरफ से जारी गाइडलाइंस का पूरी ईमानदारी से पालन करें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *