छोटी दिवाली पर नोएडा में बनेगा काशी जैसा माहौल, 21 हजार दीपों से जगमगाएगा मां यमुना का घाट

Last Updated:

छोटी दिवाली यानी 7 नवंबर को नोएडा के सेक्टर-94 स्थित यमुना घाट पर भव्य दीपोत्सव और मां यमुना की महाआरती का आयोजन होगा. काशी से पहुंचे 11 वैदिक आचार्य आरती करेंगे और 21 हजार दीप जलाए जाएंगे. जानिए आयोजन का समय, स्थान और इससे जुड़ी खास बातें.

नोएडा: नोएडा में पहली बार काशी और अयोध्या की धार्मिक परंपराओं की तर्ज पर मां यमुना की भव्य आरती और दीपोत्सव का आयोजन होगा. 7 नवंबर 2026 को छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी के अवसर पर सेक्टर-94 स्थित यमुना घाट, कालिंदी कुंज पुल के पास ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-2026’ आयोजित किया जाएगा. इस दौरान 21 हजार दीपों से यमुना तट को रोशन किया जाएगा. आयोजन में काशी से पहुंचे 11 वैदिक आचार्य मां यमुना की महाआरती करेंगे. कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा. इसमें वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान, सांस्कृतिक प्रोग्राम और वैदिक मंत्रोच्चार भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे. आयोजकों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर के जो लोग काशी और अयोध्या जाकर वहां की आरती और दीप महोत्सव नहीं देख पाते, उन्हें नोएडा में ही ऐसा आध्यात्मिक नजारा देखने को मिलेगा.

महीने का काम हफ्तों में करके आयोजन की तैयारी

इस भव्य आयोजन का संचालन अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के नेतृत्व में किया जा रहा है. संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष और आयोजन के मुख्य संरक्षक ज्योतिषरत्न डॉ. गुरुजी गौतम ऋषि ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि यह आयोजन किसी एक दिन का विचार नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों से चल रहे चिंतन और प्रयासों का परिणाम है.

इसका उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करने के साथ मां यमुना की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाज को एक संदेश है. नोएडा में यमुना आरती की ऐसी परंपरा बनाने की कोशिश है, जो भविष्य में नियमित रूप से जारी रह सके. कार्यक्रम अध्यक्ष एवं यूफ्लेक्स ग्रुप के प्रेसिडेंट दिनेश जैन और संस्था के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने बताया कि तैयारियां तेजी से चल रही हैं.

ढाई हजार लोगों के पंहुचने की उम्मीद

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण का भी सहयोग मिल रहा है. जिलाधिकारी मेधा रूपम, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है. कार्यक्रम का मैनेजमेंट और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ हमने समन्वय बैठाया है. आयोजकों ने बताया कि शुरुआत में सीमित संख्या में लोगों की अनुमति और क्राउंड मैनेजमेंट को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि करीब दो से ढाई हजार लोग इस आयोजन में शामिल होंगे. आयोजकों ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों से परिवार सहित इस महासंगम में पहुंचने की अपील की है.

एनसीआर के लोगों के मन जागेगा यमुना के लिए एक अलग भाव

आयोजन समिति के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने कहा कि यमुना की सफाई केवल त्योहारों या छठ पूजा जैसे विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. अक्सर पर्व आने पर ही नदी और उसके आसपास सफाई की जाती है, जबकि बाकी समय इस दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं होते. उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ रखना किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नोएडा एनसीआर में रहने वाले प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. महासंगम के माध्यम से लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करने और इस जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *