भारतीय महिला हॉकी को नई पहचान देने वाले पूर्व कोच गुरदयाल सिंह भंगू का निधन, कनाडा में ली अंत‍िम सांस

Last Updated:

Womens hockey former coach Gurdial Singh Bhangu Dies: भारतीय महिला हॉकी टीम के पूर्व मुख्य कोच गुरदयाल सिंह भंगू का कनाडा के सरे में 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके मार्गदर्शन में भारत ने मैनचेस्टर 2002 राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था. इसी यादगार जीत और ममता खरब के विजयी गोल से प्रेरित होकर बॉलीवुड फिल्म ‘चक दे इंडिया’ बनी थी. भारतीय हॉकी में अभूतपूर्व योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2000 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

भारतीय मह‍िला हॉकी टीम के पूर्व कोच का न‍िधन. © X (Formerly Twitter)

नई द‍िल्‍ली. राष्ट्रमंडल खेल 2002 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच रहे गुरदयाल सिंह भंगू का कनाडा के सरे में निधन हो गया है. वह 86 साल के थे.  हॉकी इंडिया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘भारतीय हॉकी में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं.’

गुरदयाल सिंह भंगू (Gurdial Singh Bhangu) का नाम भारतीय महिला हॉकी के इतिहास की सबसे यादगार जीतों में से एक के साथ हमेशा के लिए जुड़ा रहेगा. भारत ने उनके मार्गदर्शन में मैनचेस्टर में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों का खिताब जीता. इस जीत ने देश के खेल जगत पर अमिट छाप छोड़ी.

इस रोमांचक मुकाबले का फैसला ममता खरब के अतिरिक्त समय में किए गए गोल ने किया. यह जीत बाद में खेल जगत में एक चर्चित घटना बन गई और 2007 में रिलीज हुई शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘चक दे इंडिया’ की कहानी का आधार बनी.

लायलपुर (अब पाकिस्तान के फैसलाबाद) में जन्मे भंगू अंबाला में पले-बढ़े और विश्वविद्यालय स्तर पर हॉकी खेली. बाद में उन्होंने पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान में कोचिंग का प्रशिक्षण लिया, जहां उन्हें हॉकी के महान खिलाड़ी ध्यान चंद और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बालकिशन सिंह से सीखने का अवसर मिला.

भारतीय महिला टीम का कोच बनने से पहले वह 1972 से 1976 के बीच नाइजीरिया की महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच भी रहे थे. उन्होंने 1998 में भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था. भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2000 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *