कैंसर मरीजों के लिए खुशखबरी! नई दवाओं से बढ़ रही जिंदगी, डॉक्टर ने बताया कैसे

फरीदाबाद: कैंसर का नाम सुनते ही आज भी कई लोगों के मन में डर बैठ जाता है. खासकर जब बीमारी चौथे स्टेज में पहुंच जाती है, तो मरीज और उसके परिवार के लोग उम्मीद छोड़ने लगते हैं. लेकिन पिछले दस सालों में मेडिकल साइंस ने काफी तरक्की की है. अब कैंसर की ऐसी दवाइयां और इलाज की तकनीक उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से चौथे स्टेज के मरीज भी पांच से दस साल तक सामान्य जिंदगी जी सकते हैं. फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल की कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. सफलता ने लोकल18 से बातचीत में कैंसर के इलाज में आए बदलावों के बारे में बताया.

डॉ. सफलता बताती हैं कि 10 साल पहले स्टेज 4 कैंसर होने पर मरीज की जिंदगी तीन से छह महीने तक सीमित रहने की आशंका जताई जाती थी. लेकिन अब ब्रेस्ट, लंग और प्रोस्टेट कैंसर के कई मरीज पांच से दस साल तक जिंदगी जी रहे हैं. इलाज के क्षेत्र में टारगेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और कीमोथेरेपी में हुए बदलावों ने मरीजों के लिए नई उम्मीद पैदा की है.

कैंसर की पहचान के हिसाब से मिल रही दवाइयां

डॉ. सफलता बताती हैं कि हर कैंसर का इलाज एक जैसा नहीं होता. उदाहरण के तौर पर ब्रेस्ट कैंसर में हार्मोन रिसेप्टर पॉजिटिव और HER2 पॉजिटिव जैसे अलग-अलग प्रकार होते हैं. जांच के जरिए इनकी पहचान की जाती है और उसी के अनुसार दवाइयां दी जाती हैं. अब इन रिसेप्टर्स को ध्यान में रखकर नई दवाइयां विकसित की जा रही हैं. लगभग हर छह महीने में नई दवाइयां आ रही हैं. इससे मरीजों के ठीक होने की संभावना बढ़ी है. जिन मामलों में बीमारी पूरी तरह ठीक नहीं हो पाती, उनमें भी दवाओं की मदद से जिंदगी कई साल तक बढ़ाई जा सकती है.

लंग कैंसर में भी बढ़े इलाज के विकल्प

डॉ. सफलता बताती है कि लंग कैंसर के कुछ मरीजों में बीमारी दिमाग तक पहुंचने के बाद भी इलाज संभव है. इसके लिए EGFR और ALK जैसे म्यूटेशन की जांच की जाती है. अगर मरीज में इनमें से कोई विशेष बदलाव मिलता है, तो उसके अनुसार टारगेटेड दवाइयां दी जा सकती हैं. ऐसे मरीज भी पांच से दस साल तक जिंदगी जी सकते हैं. इसके अलावा नई जांच और दवाओं की मदद से इलाज को पहले से ज्यादा बेहतर बनाया गया है.

कीमोथेरेपी को लेकर डरने की जरूरत नहीं

डॉ. सफलता बताती हैं कि लोगों के मन में यह गलत धारणा है कि कीमोथेरेपी बहुत दर्दनाक होती है. जबकि ऐसा नहीं है. इसके कुछ साइड इफेक्ट जरूर होते हैं, जिनके बारे में इलाज शुरू करने से पहले मरीज को बताया जाता है. अब इन परेशानियों को कम करने के लिए भी दवाइयां उपलब्ध हैं. पैक्लिटैक्सेल जैसी आम कीमोथेरेपी में भी बदलाव किए गए हैं, ताकि मरीज को कम परेशानी हो. सपोर्टिव केयर में हुई तरक्की से इलाज के दौरान मरीज की सेहत और जीवन की गुणवत्ता बेहतर रखने में मदद मिल रही है.

अब मरीजों के पास इलाज के कई विकल्प

डॉ. सफलता बताती हैं कि आने वाले समय में कैंसर का इलाज और बेहतर होने की उम्मीद है. आज मरीजों के पास सिर्फ कीमोथेरेपी या सर्जरी जैसे सीमित विकल्प नहीं हैं. टारगेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और CAR-T सेल थेरेपी जैसी तकनीकें भी उपलब्ध हैं. अलग-अलग कैंसर और मरीज की स्थिति के अनुसार दस से पंद्रह तरह की दवाइयों के विकल्प हो सकते हैं. इससे इलाज को मरीज की जरूरत के हिसाब से चुनना आसान हुआ है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *