गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी रात में अचानक धमाके से दहली, दो शीशे टूटे, दीवार में आई दरार

Last Updated:

Ghaziabad News: वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर विस्फोट का मामला सामने आया है. अचानक से हुए इस धमाके से हड़कंप मच गया. धमाका इतना तेज था कि पुलिस चौकी के दो शीशे टूट गए, जबकि एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई.

गाजियाबाद में धमाके के बाद का दृश्य.

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के वसुंधरा इलाके में शुक्रवार रात पुलिस चौकी में अचानक धमाका होने से हड़कंप मच गया. रात करीब 9 बजे हुए इस धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 100 मीटर दूर तक सुनाई दी. वहीं, पुलिस चौकी के दो शीशे टूट गए, जबकि एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई. इस धमाके की चपेट में आकर एक 20 वर्षीय फूड डिलीवरी बॉय विशाल घायल हो गया. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस चौकी के अंदर धमाका कैसे हुआ?

घायल विशाल को दिल्ली के सूर्य नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा. वहीं अब मौके पर यूपी एटीएस और आईबी की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं.

आला अधिकारी मौके पर 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा. गाजियाबाद पुलिस के तमाम अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं. पुलिस हादसे और किसी साजिश, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पुलिस चौकी के अंदर धमाका किस वजह से हुआ.

पटाखों से हुआ धमाका?

आशंका है कि चौकी में रखें पटाखों में धमाका हुआ है, लेकिन पुलिस अधिकारी पटाखों से घटना होने से इनकार कर रहे हैं. चौकी के कंट्रोल रूम में क्षेत्र से बरामद सामान रखे जाने को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. साहिबाबाद के लाजपत नगर में 5 अक्टूबर को रावण का पुतला बनाने के दौरान हुए धमाके के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि धमाके की असली वजह जांच के बाद ही सामने आ पाएगी. पुलिस और फोरेंसिक टीम यह पता लगाने में जुटी है कि चौकी के अंदर यह धमाका किस चीज से हुआ था.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह वस्तु वहां कैसे और किसके द्वारा लाई गई थी.

पुलिस बोली- हर एंगल से जांच जारी

पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के मुताबिक, गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी की पिछली दीवार पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे धमाका हुआ. घटना के वक्त वहां एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय मौजूद थे. धमाके में डिलीवरी बॉय को मामूली चोट आई है. बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल ब्लास्ट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आएगी.

About the Author

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *