नोएडा में बिजली व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी, इन 9 सेक्टरों में बनेंगे 19 नए उपकेंद्र; पावर कट से मिलेगी राहत

Last Updated:

Noida Latest News: नोएडा सेक्टर- 8, 63, 65, 80, 81, 94, 106, 132 और सेक्टर-140 में नए बिजली उपकेंद्र प्रस्तावित हैं. इन उपकेंद्रों पर 10-10 एमवीए क्षमता के दो-दो ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे. अधिकारियों का कहना है कि इससे मौजूदा उपकेंद्रों पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड कम होगा और बिजली आपूर्ति में होने वाली दिक्कतें घटेंगी.

नोएडा में बिजली व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी (तस्वीरAI)

गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए नोएडा में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. शहर में 33/11 केवी क्षमता के 19 नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके. विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार इन उपकेंद्रों के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य भी शुरू होगा.

योजना के तहत सेक्टर- 8, 63, 65, 80, 81, 94, 106, 132 और सेक्टर-140 में नए बिजली उपकेंद्र प्रस्तावित हैं. इन उपकेंद्रों पर 10-10 एमवीए क्षमता के दो-दो ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे. अधिकारियों का कहना है कि इससे मौजूदा उपकेंद्रों पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड कम होगा और बिजली आपूर्ति में होने वाली दिक्कतें घटेंगी.

फिलहाल जिले में 108 बिजली उपकेंद्रों के जरिए बिजली सप्लाई की जा रही है, जिनकी कुल क्षमता करीब 2294 एमवीए है. गर्मियों में मांग बढ़ने पर कई उपकेंद्र ओवरलोड हो जाते हैं, जिससे कुछ समय के लिए ब्रेकडाउन की स्थिति भी बन जाती है. इसी समस्या को दूर करने के लिए नए उपकेंद्र बनाने की योजना तैयार की गई है.

विद्युत निगम के अधिकारियों के मुताबिक नोएडा में हर साल बिजली की मांग में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो रही है. जिले में तेजी से बढ़ती बिल्डर सोसाइटी, संस्थान और औद्योगिक इकाइयों के कारण आने वाले वर्षों में बिजली की मांग तीन हजार मेगावाट से अधिक पहुंचने का अनुमान है. इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपकेंद्रों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को बिना बाधा बिजली मिल सके.

अधिशासी अभियंता (तकनीकी) विवेक कुमार पटेल ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए नए उपकेंद्र बनाने की योजना बनाई गई है. नौ सेक्टरों में जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा.

About the Author

Manish Rai

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *