नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में आज सुबह से ही बारिश हो रही है. आज दिन में धूप रहने की संभावना बहुत ही कम है. हालांकि दिनभर ठंडी हवाएं भी चलती रहेंगी. आज दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से भी काफी राहत मिलेगी. वहीं, देर शाम मौसम करवट ले सकता है. आंधी-तूफान के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है. हालांकि अभी फिलहाल दिल्ली एनसीआरा में बूंदाबांदी हो रही है. ऐसे में ऑफिस जाने वाले लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है.
मौसम विभाग ने पहले पूर्वानुमान जारी किया गया था, जिसमें बताया गया था कि 5 अप्रैल को बारिश होगी, लेकिन अब भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 5 अप्रैल को कोई बारिश नहीं होगी और ना ही 6 अप्रैल को बारिश होगी. बल्कि अब इस सप्ताह में आने वाली दूसरी तारीखों पर मौसम बदलेगा और दिल्ली एनसीआर के लोग बारिश देखेंगे. हालांकि बारिश बहुत तेज नहीं होगी, लेकिन इस बारिश की वजह से मौसम ठंडा जरूर हो जाएगा.
दिल्ली एनसीआर में आईएमडी का अलर्ट
• दिल्ली एनसीआर में बात करें 5 और 6 अप्रैल की तो 5 और 6 अप्रैल को अब बारिश नहीं होगी, लेकिन दिन भर बादल आते जाते रहेंगे. हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहेंगी या फिर इससे भी धीमी गति से हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा धूप भी रहेगी. बात करें अधिकतम और न्यूनतम तापमान की तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. जबकि रात का तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है.
• दिल्ली एनसीआर में अब बात करें 7 और 8 अप्रैल की तो 7 और 8 अप्रैल को मौसम में बड़े बदलाव देखने के लिए मिलेंगे. क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 7 अप्रैल को आंधी-तूफान आने की संभावना है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी.
• इसके बाद कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दिल्ली एनसीआर में हो सकती है. अधिकतम तापमान इस दौरान 29 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाएगा.
• यही नहीं, दिल्ली एनसीआर में मौसम विभाग ने 8 अप्रैल को भी हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान अभी से ही जारी कर दिया गया है. इसके अलावा 7 अप्रैल के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट की चेतावनी अभी से ही जारी कर दी है. यानी लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है.
• भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 9 और 10 अप्रैल को बारिश नहीं होगी. बल्कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अब बढ़ोतरी होती हुई नजर आ रही है. हालांकि कुछ मौसम वैज्ञानिक यह मानते हैं कि अप्रैल के महीने में पश्चिमी विक्षोभ बार-बार सक्रिय हो सकता है, जिस वजह से अप्रैल के पूरे महीने में कभी ना कभी रुक रुक कर मौसम करवट लेगा और कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होगी या फिर आंधी तूफान आ सकता है. यानी कह सकते हैं कि अप्रैल का महीना इस साल ज्यादा गर्म रहने वाला नहीं है. हालांकि मौसम वैज्ञानिक सटीक जानकारी 10 अप्रैल के बाद जारी करेंगे.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिकतम/न्यूनतम | AQI |
| दिल्ली | 31/17 | 112 |
| नोएडा | 29/18 | 106 |
| गाजियाबाद | 29/18 | 111 |
| गुड़गांव | 29/18 | 112 |
| ग्रेटर नोएडा | 29/18 | 124 |
| फरीदाबाद | 29/18 | 114 |
( नोट- ये आंकड़े रविवार के हैं )
जानें क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत ने बताया कि बारिश आंधी और ओलों से अभी फिलहाल राहत नहीं मिलेगी. 5 अप्रैल को अधिकांश राज्यों का मौसम साफ रहेगा. केवल उत्तर पूर्वी और पूर्वी भारत में ही बारिश रहेगी लेकिन 6 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा. 7 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ में तेज बारिश की संभावना है. 8 अप्रैल को पूर्वी और उत्तर पूर्वी भारत मूसलाधार बारिश देखेंगे. दक्षिण भारत में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है.
